खबर चुनावी: …जब मोदी के मंच पर प्रत्याशी ही नहीं पहुंच पाये, भीड़ इतनी ठसाठस, की सब कुछ थम सा गया…
Election news: ...when even the candidates could not reach Modi's stage, the crowd was so packed that everything came to a standstill...

Modi In Jharkhand : प्रधानमंत्री मोदी ने आज झारखंड में चुनावी रैली का शंखनाद किया। इस दौरान उन्होंने गढ़वा और चाइबासा में उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी को सुनने केलिए काफी भीड़ पहुंची थी। सभा को लेकर कई सड़कों पर जाम की स्थिति बन गयी। आलम ये हुआ कि चुनावी सभा की मंच तक प्रत्याशी ही नहीं पहुंच पाये।
सड़क जाम की वजह से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के 2 उम्मीदवार प्रधानमंत्री की सभा में शामिल नहीं हो पाए। उन दोनों ने कार्यक्रम को सोशल मीडिया साइट पर देखा। भाजपा के लातेहार के हमारे प्रत्याशी प्रकाश राम और मनिका के उम्मीदवार हरे कृष्ण सिंह जाम में फंस गए। वे समय पर सभास्थल तक नहीं पहुंच पाए।
इस दौरान गढ़वा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी जहां-जहां भी झूठ बोलकर सत्ता में आए हैं, उस राज्य को उन्होंने बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस के जो अध्यक्ष हैं, उन्होंने भी मान लिया है कि कांग्रेस झूठी गारंटी देती है। पता नहीं कैसे मल्लिकार्जुन खरगे के मुंह से जाने-अनजाने में सच निकल गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जो ये अनाप-शनाप घोषणाएं हैं, ये राज्यों को दिवालिया कर देंगी। पीएम मोदी ने कहा- ‘भ्रष्टाचार दीमक की तरह देश को खोखला करता है। भ्रष्टाचार, गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी को सबसे ज्यादा दुखी करता है, बर्बाद कर देता है।
झारखंड ने तो बीते 5 सालों में देखा है कि कैसे जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी सरकार ने भ्रष्टाचार किया है। मुख्यमंत्री हो, मंत्री हो, विधायक हो, सांसद हो… ऐसा कोई बचा नहीं जिन पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- ‘झारखंड का एक और बहुत बड़ा दुश्मन है और वह है- परिवारवाद। जेएमएम-कांग्रेस और आरजेडी ये तीनों दल घोर परिवारवादी हैं। इनके लिए अपने परिवार से बड़ा कुछ नहीं है, वो आप लोगों की परवाह क्या ही करेंगे।
ऐसे स्वार्थी दलों को अच्छे से सबक सिखाना है। ये लोग चाहते हैं कि सत्ता की चाबी केवल इन्हीं के परिवार के पास रहे। चंपई सोरेन के साथ इन लोगों (जेएमएम) ने क्या किया। इन लोगों ने एक आदिवासी बेटे को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।









