सुबह-सुबह 12 ठिकानों पर ED का धावा! राशन घोटाले की परतें खुलीं, बड़े नेटवर्क के संकेत से मचा हड़कंप
प्रवर्तन निदेशालय की ताबड़तोड़ छापेमारी—पश्चिम बंगाल के कई जिलों में एक साथ कार्रवाई, कारोबारियों से पूछताछ तेज

कोलकाता, 10 अप्रैल। राशन घोटाले को लेकर एक बार फिर बड़ा एक्शन देखने को मिला है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह पश्चिम बंगाल के कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। जानकारी के मुताबिक, राज्यभर में कुल 12 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कोलकाता, हावड़ा, बनगांव और मुर्शिदाबाद समेत कई इलाकों में जांच एजेंसी ने दबिश दी है। ED की टीम राशन वितरण प्रणाली में कथित गड़बड़ियों और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की गहराई से जांच कर रही है।
राजधानी कोलकाता के बसंत कुमार रोड स्थित एक कारोबारी के घर पर सुबह-सुबह अधिकारियों ने पहुंचकर पूछताछ शुरू की। यहां राशन सप्लाई नेटवर्क और वितरण के तौर-तरीकों को लेकर अहम दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा पोद्दार कोर्ट और मिंटो पार्क इलाके में भी कई जगहों पर तलाशी अभियान जारी है।
इसी क्रम में रानीगंज में भी ED ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां चावल कारोबारी अजय कोयाल के आवास पर केंद्रीय बलों के साथ पहुंची टीम ने छापा मारा। बताया जा रहा है कि उनका कारोबार न सिर्फ राज्य में बल्कि देश और विदेश तक फैला हुआ है, जिससे इस मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
चार वाहनों में पहुंचे अधिकारियों ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की और घर के भीतर घंटों तक तलाशी ली। इस कार्रवाई को राशन घोटाले की कड़ियों को जोड़ने में अहम माना जा रहा है।
फिलहाल ED की जांच जारी है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। सवाल अब यह है कि क्या यह छापेमारी सिर्फ शुरुआत है या फिर राशन घोटाले का पूरा जाल अब बेनकाब होने वाला है?









