‘बॉस से आगे मत निकलो…’ राघव चड्ढा का इशारा किसकी ओर? क्रिप्टिक पोस्ट से मचा सियासी बवाल!

दिल्ली। आम आदमी पार्टी के भीतर चल रहे सियासी घमासान के बीच राघव चड्ढा की एक “क्रिप्टिक” पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने ऐसा संदेश दिया है, जिसे सीधे तौर पर अरविंद केजरीवाल पर तंज माना जा रहा है।
दरअसल, राघव चड्ढा ने अमेरिकी लेखक रॉबर्ट ग्रीन की मशहूर किताब The 48 Laws of Power पढ़ते हुए एक फोटो शेयर की। उन्होंने किताब के पहले चैप्टर की स्टोरी लगाई, जिसमें लिखा था—“अपने बॉस से कभी ज्यादा चमकने की कोशिश न करें।”

किताब के इस नियम में कहा गया है कि अपने से वरिष्ठ व्यक्ति को हमेशा श्रेष्ठ महसूस कराएं, वरना उनमें असुरक्षा की भावना पैदा हो सकती है। इसी लाइन को लेकर अब सियासी हलकों में चर्चा तेज है कि क्या राघव चड्ढा ने यह इशारा सीधे तौर पर पार्टी नेतृत्व की ओर किया है?
पुराने बयान से जुड़ रहा कनेक्शन
इस पोस्ट को हाल ही में वायरल हुए कुमार विश्वास के एक पुराने वीडियो से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “अगला शिकार राघव चड्ढा हो सकता है, क्योंकि वह ज्यादा चमकने लगे हैं।”
कांग्रेस सांसद की एंट्री से बढ़ा विवाद
इसी बीच पटियाला से कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने भी इस विवाद में अपनी बात रखी है। एक पॉडकास्ट में उन्होंने दावा किया कि जब वे AAP में थे, तब राघव चड्ढा द्वारा दी गई एक चिट्ठी को उन्होंने उनके सामने ही फाड़ दिया था और उन्हें बाहर जाने को कहा था।
‘ट्रेलर अभी बाकी है’—राघव का जवाब
विवाद के बीच राघव चड्ढा लगातार अपनी बात रख रहे हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा—“यह तो सिर्फ ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है।” इस बयान ने सियासी अटकलों को और हवा दे दी है।
वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया है कि राघव चड्ढा ने बीजेपी और नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए गए अपने पुराने ट्वीट डिलीट कर दिए हैं।
अब सवाल यही है—क्या यह सिर्फ इशारों में चल रही सियासत है या आने वाले दिनों में खुलकर बड़ा टकराव देखने को मिलेगा? फिलहाल, राघव चड्ढा की इस एक पोस्ट ने पूरे राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।









