Dhanbad Civil Court Bomb Threat: आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली

Dhanbad Civil Court Bomb Threat: Threat of RDX blast, court premises evacuated

Dhanbad Court Bomb Threat: धनबाद में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सिविल कोर्ट परिसर को आरडीएक्स और बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में आ गई तथा एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया।

बताया गया है कि न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए संदेश में कोर्ट परिसर में आरडीएक्स प्लांट करने और साइनाइड से हमला करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद कोर्ट बिल्डिंग और एमपी/एमएलए कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। धमकी की खबर फैलते ही अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादियों में दहशत का माहौल बन गया।

मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर और बाघमारा एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस पहुंची। पूरे कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और मेटल डिटेक्टर की मदद से कोर्ट भवन और आसपास के इलाके की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान छह संदिग्ध बाइक जब्त की गईं। इनमें से एक बाइक से एक रिमोट भी बरामद हुआ है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है। हालांकि विस्तृत तलाशी के बावजूद अब तक किसी प्रकार का विस्फोटक या आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि ईमेल में दी गई धमकी को गंभीरता से लेते हुए सभी जरूरी सुरक्षा कदम उठाए गए हैं। संदिग्ध वाहनों और बरामद रिमोट की विशेषज्ञों द्वारा जांच की जा रही है। साथ ही ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में फिलहाल कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close