लोहरदगा। लोहरदगा से एक दिल दहलाने वाली खबर आ रही है। डोभा में डूबकर दो स्कूली बच्चों की मौत हो गयी। दोनों रिश्ते में सगे भाई है। इधर घटना के बाद पूरे इलाके में मातम है, जबकि घरवालों का रो रोकर बुरा हाल है। आशंका है कि खेल-खेल में दोनों बच्चे डोभा में गिर गये होंगे। घटना की जानकारी तब हुई, जब कुछ युवक डोभा में मछली पकड़ने गये थे, उसी दौरान उन्होंने बच्चों का शव देखा। घटना भंडरा थाना क्षेत्र के टोटो बड़का टोली गांव में भुतहा डोभा की बतायी जा रही है।

मृत बच्चों की पहचान कार्तिक उरांव के पुत्र श्रीकांत (8 वर्ष) और श्रीनाथ (10 वर्ष) के रूप में दोनों की पहचान हुई है। दोनों भाई नहाने के लिए डोभा में गए हुए थे. इसी दौरान दोनों की डूबने से मौत हो गई। परिजनों को भी मालूम नहीं है कि दोनों बच्चे आखिरकार कैसे डोभा में पहुंचे। इधर घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गयी, जिसके बाद भंडरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जायेगा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक जब कुछ लड़के मछली मारने के लिए डोभा गये हुए थे, तो उस दौरान उन्होंने बच्चों के शव को देखा, जिसके बाद बच्चे को निकालकर भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया है। आपको बता दें पिछले एक सप्ताह के दौरान चार बच्चों की नहाने के दौरान डूबने से मौत हुई है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। परिजनों का भी इस मामले में बयान लिया गया है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...