दुल्हा-दुल्हन की मौत: शादी के तुरंत बाद भीषण सड़क हादसे में दुल्हा-दुल्हन की मौत, ससुराल में नई दुल्हन का चल रहा था इंतजार पहुंची अर्थी, मचा कोहराम

नालंदा।एक भीषण सड़क हादसे में दुल्हा दुल्हन की मौत हो गई। घटना जिले के गिरियक थाना इलाके के पुरैनी गांव के समीप की बताई जा रही है। शनिवार को दुल्हा दुल्हन की कार को एक ट्रैक्टर टक्कर मार दी। आरोप है कि ट्रैक्टर में बालू लदा था। इधर टक्कर के बाद कार में सवार दूल्हा-दुल्हन की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार में सवार दूल्हे का जीजा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
इधर घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भागने में सफल रहा। आनन-फानन में घटनास्थल के पास मौजूद लोगों ने कार में फंसे दूल्हे और दुल्हन को बाहर निकाला, लेकिन मौके पर ही दोनों की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से दूल्हे के जीजा को इलाज के लिए पावापुरी विम्स में भेज दिया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक नवादा जिला से बारात गिरियक आई थी। शादी के बाद दुल्हन की विदाई हुई। जिसके बाद दूल्हा अपने साथ दुल्हन को लेकर ससुराल विदा हुआ। इस दौरान पुरैनी गांव के पास अवैध बालू लोडेड ट्रैक्टर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही दूल्हा-दुल्हन की मौत हो गई। घटना के बाद शादी के जश्न में मातम पसर गया। ससुराल और मायका दोनो पक्षों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के मुताबिक गिरियक थाना इलाके के सतौआ गांव निवासी कारू चौधरी की 20 वर्षीया पुत्री पुष्पा कुमारी के रूप में मृतक दुल्हन की पहचान हुई है। वहीं, दूल्हे की पहचान नवादा जिला के रोह थाना क्षेत्र के महराना गांव निवासी तुला चौधरी का 27 वर्षीय पुत्र श्याम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इधर घटना की सूचना के बाद दोनों पक्ष के काफी संख्या में लोग पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जमा हो गए। घटना के बाद दोनों पक्ष के लोगों का रो रो कर काफी बुरा हाल है।









