BREAKING: ग्रेनेड से दहलाने की साजिश बेनकाब… ISI और बब्बर खालसा का खतरनाक मॉड्यूल ध्वस्त, 11 संदिग्ध गिरफ्तार
सीसीटीवी से जासूसी, हथियारों की तस्करी और बड़े हमले की तैयारी… दिल्ली-पंजाब में छिपा था खौफनाक प्लान

नई दिल्ली। देश को दहलाने की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े एक खतरनाक टेरर मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए 11 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां दिल्ली और पंजाब के अलग-अलग इलाकों से की गई हैं।
जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल देश के संवेदनशील इलाकों में बड़े हमले की साजिश रच रहा था। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के इशारे पर भारत में ग्रेनेड अटैक की अंतिम तैयारी चल रही थी। इसके लिए न सिर्फ हथियारों की तस्करी की जा रही थी, बल्कि हाईटेक तरीके से जासूसी का नेटवर्क भी तैयार किया गया था।
स्पेशल सेल ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से 9 सोलर पावर्ड सीसीटीवी कैमरे बरामद किए हैं। ये कैमरे सुरक्षा एजेंसियों के संवेदनशील इलाकों के आसपास लगाए गए थे और इनके जरिए लाइव फीड पाकिस्तान भेजी जा रही थी। जांच एजेंसियों ने इन सभी कैमरों को हटाकर कब्जे में ले लिया है।
इसके अलावा आरोपियों के पास से 4 पिस्टल और 24 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस मॉड्यूल को सक्रिय रखने के लिए लगातार हथियारों की तस्करी की जा रही थी, ताकि सही समय पर बड़े हमले को अंजाम दिया जा सके।
दरअसल, हाल ही में गाजियाबाद में एक टेरर मॉड्यूल के भंडाफोड़ के बाद से सुरक्षा एजेंसियों को लगातार इनपुट मिल रहे थे। इसी इनपुट के आधार पर स्पेशल सेल की दो टीमों ने इस पूरे नेटवर्क पर काम शुरू किया और आखिरकार इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि देश के खिलाफ साजिशें लगातार रची जा रही हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी सतर्कता के साथ हर खतरे को समय रहते खत्म करने में जुटी हुई हैं।









