नौकरी का झांसा देकर रची गई साजिश….खुला खौफनाक राज! शादी, धर्मांतरण और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज खुलासा
कोलकाता से अचानक गायब हुई छात्रा, खुला खौफनाक राज! शादी, धर्मांतरण और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज खुलासा

कोलकाता से लापता हुई एक छात्रा का मामला अब ऐसा मोड़ ले चुका है, जिसने पूरे घटनाक्रम को बेहद सनसनीखेज और डरावना बना दिया है। कई दिनों तक गायब रहने के बाद जब सच्चाई सामने आई, तो आरोपों की गंभीरता ने हर किसी को चौंका दिया।
भदोही जिले की औराई पुलिस ने अदालत के आदेश पर एक शादीशुदा युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ अपहरण, जबरन धर्मांतरण और शादी कराने जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया है। इस पूरे घटनाक्रम को एक सोची-समझी साजिश बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के मुताबिक, कोलकाता निवासी दुर्गा प्रसाद साव ने 24 मार्च 2026 को अदालत में याचिका दायर कर अपनी 23 वर्षीय बेटी अंजलि के अपहरण का आरोप लगाया था। अंजलि बंगवासी कॉलेज में बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा है और साथ ही सेंट जेवियर्स स्कूल में बच्चों को पढ़ाती थी।
परिवार के अनुसार, 25 फरवरी को अंजलि रोज की तरह स्कूल पढ़ाने के लिए निकली, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी। अचानक बेटी के गायब होने से घबराए परिजनों ने हर जगह तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 28 फरवरी को कोलकाता के बेलियाघाट थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान मिले लोकेशन के आधार पर परिवार भदोही के खमरिया नगर पहुंचा, जहां मामला और ज्यादा उलझता चला गया। आरोप है कि जब परिजन आरोपी युवक शीबू अंसारी के घर पहुंचे, तो उसके माता-पिता ने दावा किया कि दोनों ने शादी कर ली है और वहां से जा चुके हैं।
इतना ही नहीं, कुछ ही देर बाद परिजनों को एक धमकी भरा फोन भी आया। आरोप है कि शीबू ने शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे मामला और भयावह हो गया।
याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने नौकरी का झांसा देकर अंजलि को कोलकाता से बहला-फुसलाकर बुलाया, फिर उसे डराकर उसका जबरन धर्मांतरण कराया और शादी कर कहीं और ले गया। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है।
अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए औराई थाना क्षेत्र के खमरिया नगर निवासी शीबू अंसारी उर्फ शैब, उसके पिता सोहराब अंसारी और मां रुखसाना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। पुलिस ने अपहरण, शादी छिपाने और आपराधिक धमकी जैसी धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस को मामले में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्रा कहां है और इस पूरे मामले के पीछे की सच्चाई क्या है, जिसका खुलासा जांच के आगे बढ़ने के साथ ही हो सकेगा।









