रांची। झारखंड में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। प्रदेश में मौसम साफ होते ही शीतलहरी और कनकनी शुरू हो गयी है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अभी भी ठंड की आशंका जतायी है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों दिनों 4 से 5 डिग्री तक पारा और गिर सकता है। राज्य में मिचौंग तूफान का असर खत्म होते ही तापमान में तेजी से गिरावट आयी है। 24 घंटे में सबसे कम तापमान कांके में 8 डिग्री मिला है।

झारखंड के उपर से छाए बादल छंट चुके हैं। साथ ही दक्षिणी-पूर्व दिशा से आनेवाली नम हवा कमजोर पड़ने लगी है। हवा के रूख में बदलाव आया है। मौसम में कनकनी और ठंड और बढ़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले चार दिनों तक आसमान में बादल नजर नहीं आयेंगे। मौसम साफ रहेगा। आसमान से बादल हटते ही पश्चिमोत्तर दिशा से आनेवाली हवा ने जोर पकड़ा।

झारखंड में दिसंबर के अंतिम सप्ताह से जनवरी के पहले सप्ताह में ज्यादा ठंड पड़ने का ट्रेंड है। इसलिए दिसंबर के अंतिम सप्ताह यानी 22 तारीख से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। 11 से लेकर 16 दिसंबर तक आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा।

हालांकि अगर उत्तर भारत में बर्फबारी होती है, तो तापमान में और गिरावट आएगी। फिलहाल, उत्तर भारत में बर्फबारी अभी तक शुरू नहीं हुई है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...