झारखंड में ठंड का कहर, कांके में तापमान 10°C के करीब, जानिए कैसे बचें ठंड से और कहां है शीतलहरी का अलर्ट
Jharkhand is facing a severe cold wave, with temperatures in Kanke hovering around 10°C. Learn how to protect yourself from the cold and where the cold wave alert is.

रांची (Jharkhand Weather Update): झारखंड में सर्दी ने दस्तक दे दी है और तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, अगले 24 घंटों में राज्यभर में ठंड और बढ़ने की संभावना है। कई जिलों में तापमान 2°C से 10°C तक नीचे जा सकता है। शनिवार से ठंड का प्रकोप और तेज होगा, वहीं सुबह के समय कोहरा और हल्की धुंध देखने को मिलेगी। ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन भी महसूस की जाएगी।
मेदिनीनगर में सबसे बड़ी गिरावट:
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मेदिनीनगर में तापमान में 4.6°C की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। यहां न्यूनतम तापमान 11.3°C और अधिकतम 28.6°C रहा। वहीं, रांची में अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 14.3°C, जबकि जमशेदपुर में अधिकतम 28.4°C और न्यूनतम 14.6°C दर्ज किया गया।
कांके में सबसे कम तापमान:
राज्य में सबसे ठंडा इलाका कांके रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.4°C रिकॉर्ड किया गया। यह शहर की तुलना में करीब 3.9°C कम है। वहीं बोकारो में न्यूनतम तापमान 11.3°C, और चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.8°C दर्ज किया गया।
किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी:
शीतलहरी के प्रभाव से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे शाम के समय हल्की सिंचाई करें, फसलों पर आवश्यक दवा का छिड़काव करें, और पशुओं को ठंड से बचाने के लिए अलाव जलाएं या जूट के बोरे से ढकें।
येलो अलर्ट जारी:
पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा जिलों में शीतलहरी चलने की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से सुबह और शाम के समय ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।









