PM Modi AI वीडियो पर संसद में घमासान : कांग्रेस ने पीएम मोदी का एआई वीडियो किया शेयर, बीजेपी ने कहा- 140 करोड़ लोगों का अपमान!

PM Modi AI वीडियो पर संसद में घमासान, बीजेपी ने कांग्रेस को लगाई क्लास

नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र में कांग्रेस और बीजेपी के बीच टकराव का नया मामला सामने आया है। कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक एआई वीडियो शेयर किया गया, जिसमें पीएम मोदी को चाय बेचते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो ने न केवल राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।

वीडियो कांग्रेस नेता रागिनी नायक के हैंडल से शेयर किया गया था। इसमें प्रधानमंत्री हाथ में चाय की केतली और कप पकड़े हुए नजर आते हैं। कांग्रेस ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “अब ई कौन किया बे?”। इस मजाकिया अंदाज के वीडियो ने बीजेपी में भारी नाराजगी पैदा कर दी।

बीजेपी की तीखी प्रतिक्रिया

बीजेपी ने इसे ओबीसी समुदाय और पूरे देश के 140 करोड़ लोगों का अपमान करार दिया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा कि कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री और उनके पृष्ठभूमि पर टिप्पणियां करके ओबीसी समुदाय को निशाना बनाती रही है। उनका कहना है कि कांग्रेस का यह कृत्य न केवल पीएम मोदी बल्कि मेहनती भारतीयों की मेहनत और सम्मान पर भी हमला है।

बीजेपी समर्थक सोशल मीडिया पर वीडियो की आलोचना कर रहे हैं और कुछ का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी को बार-बार जनता का आशीर्वाद मिलता है, वहीं कांग्रेस के नेता इसे चुनौती मानकर अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं।

केसवन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व पीएम मोदी और उनके परिवार, यहां तक कि उनकी दिवंगत माताजी पर भी टिप्पणी करने से नहीं चूकता। इस घटना ने संसद में राजनीतिक तनाव और बढ़ा दिया है।

Related Articles