इस घाटी में भयानक हादसा : बस-ट्रेलर की टक्कर के बाद खाई में गिरी, 12 यात्री घायल

कोरबा। तारा घाटी के पास मोरगा चौकी इलाके में 35 यात्रियों को ले जा रही एक बस और एक ट्रेलर वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन 20 फीट गहरी खाई में गिर गए।
बता दें कि, घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री घबराकर चीखने लगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक दर्जन से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा, एक युवती अभी भी बस के अंदर फंसी हुई है, जिसे बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है।
ट्रेलर वाहन खाई में गिरने के बाद बस पर गिर गया, जिसके कारण कई यात्री बस के अंदर फंस गए। अधिकारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और यात्रियों को निकालने का काम शुरू किया। कुल 12 लोग घायल बताए गए हैं, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।