झारखंड : रांची के व्यवसायी को गैंगस्टर प्रिंस खान का डर…दुबई से आई 10 करोड़ की रंगदारी की धमकी, जान पर बन आई आफत
Ranchi businessman fears gangster Prince Khan... receives 10 crore extortion threat from Dubai, life-threatening threat

रांची में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। राजधानी के एचबी रोड स्थित रुद्राक्ष ग्रीन अपार्टमेंट निवासी व्यवसायी कृष्ण गोपालका से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी धनबाद के वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर दी गई।
धमकी भरे कॉल और मैसेज
व्यवसायी ने लालपुर थाना में प्रिंस खान और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर को उनके मोबाइल पर धमकी भरा मैसेज आया, जिसमें प्रिंस खान से जुड़ी आपराधिक घटनाओं के वीडियो और न्यूज क्लिप भेजे गए। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल पर खुद को “प्रिंस खान दुबई से” बताते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की गई।
जब व्यवसायी ने नंबर ब्लॉक कर दिया, तो 15 सितंबर को एक इंटरनेशनल नंबर से फिर धमकी भरा मैसेज आया। इसमें चेतावनी दी गई कि ब्लॉक हटाओ और पैसे दो, वरना व्यवसायी और उनके बेटे को गोली मार दी जाएगी।
बेटे को भी मिली धमकी
इसके बाद धमकी व्यवसायी के बेटे के मोबाइल पर भी पहुंची। वीडियो मैसेज में उसका नाम लेकर कहा गया कि “अपने पिता से नंबर अनब्लॉक करवाओ और 10 करोड़ रुपये दो, नहीं तो सीधे गोली मार देंगे।”
पुलिस जांच में जुटी
इस घटना से परिवार दहशत में है। पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, प्रिंस खान इस समय फरार है और उसके दुबई भागने की भी खबर सामने आई है।









