साली की शादी में जीजा की मौत: मटकोर के दौरान चली गोली, मौके पर ही जीजा की मौत, शादी समारोह में मचा कोहराम

बेगूसराय। साली की शादी में जीजा की मौत हो गयी। घटना बेगुसराय जिले में गढ़पुरा के मौजी हरि सिंह गांव के वार्ड तीन की है। शाम करीब 7:30 बजे मटकोर के दौरान की जा रही हर्ष फायरिंग में एक युवक को गले में गोली लग गई। इसके कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मृतक जितेंद्र कुमार अपनी चचेरी साली की शादी में आया हुआ था। आरोप है कि मटकोर के दौरान साला-बहनोई फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान फायरिंग के क्रम में गोली पिस्टल में ही फंस गई।

पिस्टल ठीक करने की कोशिश के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली जितेंद्र के गले में जाकर लग गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। हालांकि, संजय चौधरी की पुत्री की शादी सोमवार को होने वाली है। संजय चौधरी और मृतक के ससुर मनोज चौधरी दोनों सहोदर भाई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

मटकोर के दौरान साला हर्ष फायरिंग कर रहा था। इसी दौरान जीजा ने कहा कि पहले हम फायरिंग करेंगे। पहले हम..पहले हम में गोली चल गई और जीजा को लगी। गोली लगने के बाद उसे बखरी के अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के ससुर मनोज चौधरी, पत्नी और तीनों बच्चे दिल्ली में रहते हैं। उन्हें भी घटना की सूचना दी गई है। घटना के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल ससुराल के सभी लोग फरार हैं।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles

Next Story