तेरहवीं की आग में बहा खून! पिता की मौत का गम मना रहा था परिवार, बेटे को चाकुओं से गोद डाला

महोबा में शराबी दबंगों की हैवानियत, तेरहवीं के दिन गांव बना कत्लगाह

महोबा में पिता की तेरहवीं पर बेटे की हत्या, इलाके में दहशत

उत्तर प्रदेश के महोबा से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पिता की तेरहवीं के दिन बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अजनर थाना क्षेत्र के लेवा गांव में शोक और रस्मों के बीच अचानक ऐसा खून बहा कि पूरा गांव सहम गया। दबंगों की गुंडई का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया।

 शोक का घर बना मातम और खौफ का अड्डा

बताया गया कि 25 वर्षीय विकास के पिता रामकृपाल की बीमारी के चलते 13 दिन पहले मौत हो गई थी। घर में तेरहवीं का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ शराबी दबंग बाइक से हुड़दंग मचाने लगे। परिजनों ने जब विरोध किया, तो उस वक्त मामला शांत हो गया, लेकिन यह शांति ज्यादा देर टिक नहीं सकी।

 गांव के बाहर घेरकर चाकुओं से हमला

जैसे ही विकास शौच के लिए गांव से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उसे घेर लिया। नशे में धुत हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। विकास की चीखें सुनकर परिवार के लोग बचाने दौड़े, लेकिन बदमाशों का कहर यहीं नहीं रुका।

 बचाने आए 5 लोग भी लहूलुहान

विकास के चाचा सुरजन सिंह और चचेरे भाई अनिल, प्रदीप, आकाश और जीतू पर भी हमला किया गया। सभी को गंभीर चोटें आईं। विकास को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं अनिल की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

 एक आरोपी पकड़ा गया, गांव में पुलिस का डेरा

इस सनसनीखेज वारदात के बाद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। सीओ रविकांत गौड़ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल गांव में तैनात है। पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।


जहां एक परिवार पिता की मौत का गम मना रहा था, वहीं दबंगों ने इंसानियत को कुचलते हुए बेटे की जान ले ली। यह वारदात न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि गांवों में बढ़ते बेखौफ अपराध की डरावनी तस्वीर भी दिखाती है।

Related Articles

close