झारखंड में फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट का बड़ा मामला…मटियाबांधी पंचायत में बने 4,281 फर्जी प्रमाण पत्र
Big case of fake birth certificate in Jharkhand... 4,281 fake certificates made in Matiyabandhi Panchayat

झारखंड के जमशेदपुर के चाकुलिया प्रखंड की मटियाबांधी पंचायत में एक बड़े फर्जी जन्म प्रमाण पत्र घोटाले का खुलासा हुआ है। मजिस्ट्रेट अनन्य मित्तल और वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने मामले की पुष्टि की है। उनके अनुसार जनवरी 2023 से अब तक पंचायत द्वारा जारी किए गए 4,567 जन्म प्रमाण पत्रों में से 4,281 प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए हैं।
इस घोटाले में पंचायत सचिव सुनील महतो और प्रज्ञा केंद्र संचालक सपन महतो के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि सुनील महतो की लॉगिन आईडी से हजारों फर्जी प्रमाण पत्र बनाए गए। इनका इस्तेमाल बच्चों के फर्जी दाखिले और सरकारी योजनाओं का अनुचित लाभ लेने के लिए किया गया।
पुलिस ने अब तक सुनील महतो, सपन महतो, शिवम डे, हरीश प्रमाणिक और आरिफ आलम को गिरफ्तार किया है। इनके पास से फर्जीवाड़े में इस्तेमाल होने वाला लैपटॉप, प्रिंटर, सीपीयू और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
शुरुआत तब हुई जब जिला शिक्षा अधीक्षक को कुछ बच्चों के दाखिले से जुड़े दस्तावेजों में संदेह हुआ। उनके निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मटियाबांधी पंचायत में जांच की, जिससे यह फर्जीवाड़ा उजागर हुआ।
फिलहाल, प्रशासन ने जिले के सभी प्रखंडों में जांच के आदेश दिए हैं और फर्जी प्रमाण पत्रों की सूची संबंधित विभागों को भेज दी गई है। पुलिस को शक है कि इस घोटाले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।