झारखंड: पलामू में बड़ा एक्शन, SP रीष्मा रमेशन ने ASI को किया सस्पेंड, शराब तस्करी में संलिप्तता का आरोप

Jharkhand: Major action in Palamu, SP Rishma Rameshan suspends ASI, accused of involvement in liquor smuggling

पलामू में ASI को अंतर्राज्यीय शराब तस्करी में संलिप्तता के आरोप में निलंबित किया गया है. जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने सदर थाने में तैनात एएसआई अभिमन्यु सिंह को निलंबित किया है. अभिमन्यु सिंह पर आरोप है कि उन्होंने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह का सहयोग किया. जिस वाहन में शराब तस्करी की जाती है, उसके मालिक से रिश्वत मांगा.

दरअसल, सदर थानाक्षेत्र के जोरकट के पास गुरुवार को लावारिस हालत में एक वाहन मिला था. जांच में पता चला कि इस वाहन की तस्वीर सदर थाना में तैनात एएसआई ने थाना प्रभारी लालजी को भेजी थी. इसके बाद थाना प्रभारी ने मामले की जांच का आदेश दिया.

वाहन को छुड़ाने के लिए मांगे 4 लाख रुपये
इसी बीच पलामू पुलिस को यूपी से गोपनीय सूचना मिली कि कब्जे में लिए गये वाहन को छुड़ाने एवज में 4 लाख रुपये की मांग हो रही है. सूचना के सत्यापन के पश्चात पुलिस ने एक्शन लिया और वाहन समेत चालक को पकड़ लिया. वाहन चालक ने बताया कि एएसआई अभिमन्यु सिंह यूपी से होने वाली शराब तस्करी में उसकी मदद कर रहे थे.

चालक ने बताया कि गुरुवार को वह पड़वा से वाहन लेकर जोरकट पहुंचे, इसके बाद अभिमन्यु सिंह ने उनको निजी गाड़ी में बिठाकर वाहन मालिक से 4 लाख रुपये मांगे. चालक को यह बताया गया था कि रकम स्थानीय लोगों के दबाव में मांगी जा रही है.

जब इस बात की जानकारी सदर थाना पुलिस को मिली तो वाहन को जब्त करके ड्राइवर को हिरासत में लिया. चालक के बयान के आधार पर अभिमन्यु सिंह से पूछताछ की गई और संतोषजनक जवाब नहीं देने पर एसपी ने उनको तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.

शराब पार्टी में शामिल हुए थे अभिमन्यु सिंह
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले अभिमन्यु सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था जिसमें वह वर्दी में शराब पार्टी करते नजर आए थे. उक्त मामले में उनको लाइन हाजिर भी किया गया था.

Related Articles

close