शादी में बिन बुलाये मेहमान बनकर खाना पड़ा महंगा, घरवालों ने की बेदम पिटाई, स्कूटी भी लेकर हो गये रफ्फूचक्कर

गोरेगांव(महाराष्ट्र)। शादी की पार्टी में बिन बुलाये मेहमान की तरह पहुंचना लड़कों को महंगा पड़ गया। जिस स्कूटी से लड़के पार्टी का जायका लेने पहुंचे थे, वो स्कूटी ही कोई ले भागा, पिटाई पड़ी सो अलग। अब इस मामले में खाने के बदले पिटाई खाने और स्कूटी गंवाने के बाद युवकों ने थाने में शिकायत की है। मामला महाराष्ट्र मुंबई गोरेगांव का है। ओशिवारा पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है।
गोरेगांव निवासी जावेद कुरैशी (24) अपने 17 वर्षीय चचेरे भाई और कुछ दोस्तों के साथ बाहर घूमने गया था। जब वे जोगेश्वरी पहुंचे, तो जावेद के चचेरे भाई और दोस्तों का चल रही पार्टी देखकर जी ललच गया। सभी ने बिन बुलाये मेहमान की तरह पार्टी में जाकर खाने का मूड बनाया। युवक कार्यक्रम स्थल में घुसे और उन्होंने खाना खाना शुरू कर दिया।
खाना खा रहे थे तभी शादी में मौजूद कुछ लोगों को उन लड़कों पर शक हो गया। जिसके बाद परिवार के लोग लड़कों के पास पहुंचे और उनके पूछताछ शुरू कर दी। जैसे ही परिवार के लोगों को पता चला कि ये सभी बिन बुलाए मेहमान है। मेजबानों ने पकड़कर उसकी धुलाई कर दी। इतना ही नहीं वो जिस स्कूटर से पार्टी में आया था, उसे भी कोई उड़ा ले गया।
हालात बिगड़ते देख बिन बुलाए मेहमान पार्टी हॉल से बाहर की ओर भागने लगे. जब वे सड़क पर पहुंचे तो कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया।इसी दौरान जावेद ने भीड़ में खड़े एक शख्स को अपने स्कूटर की चाबी दी और उसे पार्किंग से लाने की अपील की, लेकिन वो शख्स जावेद को स्कूटर सौंपने के बजाय उसे लेकर नौ दो ग्यारह हो गया। पुलिस अब दर्ज शिकायत के आधार पर जांच में जुट गयी है।









