रांची में रामनवमी की धूम: निकलने से पहले देख लें नया ट्रैफिक प्लान, 26 से 28 मार्च तक इन रास्तों पर रहेगा पहरा
Ram Navami celebrations in Ranchi: Check the new traffic plan before you set out; these routes will be patrolled from March 26 to 28.

रांची। रामनवमी 2026 के पावन अवसर पर रांची प्रशासन ने शहर में व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। 26 मार्च से 28 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों और झांकियों को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक और डायवर्जन रहेगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग और वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की अपील की है।
26 मार्च – झांकियों के दौरान रोक:
शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन रिंग रोड से होकर गुजरेंगे। छोटे मालवाहक वाहन शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक नहीं चलेंगे। किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, महावीर मंदिर चौक, शहीद चौक और सुजाता चौक के आसपास ऑटो, टोटो और बसों का संचालन बंद रहेगा।
27 मार्च – मुख्य शोभायात्रा:
सुबह 8 बजे से 28 मार्च सुबह 4 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दोपहर 12:30 बजे से रात 12:30 बजे तक ऑटो, टोटो और छोटे वाहन भी शहर में नहीं चलेंगे। किशोरी यादव चौक, एसएसपी आवास चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, प्लाजा चौक, चडरी तालाब, पुरूलिया रोड, सुजाता चौक और आसपास की गलियों पर नो-एंट्री रहेगी। जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
28 मार्च – विसर्जन नियंत्रण:
चैती दुर्गा विसर्जन के कारण सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। विसर्जन रूट के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा।
प्रशासन की अपील:
लोगों से कहा गया है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।









