बजट से पहले आम आदमी की कमर टूटी, 50 महंगा हुआ LPG सिलेंडर, जानें आज से कितनी बढ़ गई आपके रसोई की लागत
The common man is feeling the pinch before the budget; LPG cylinders have become ₹50 more expensive. Find out how much your kitchen expenses have increased from today.

LPG Cylinder Price Hike: एक फरवरी यानी आज देश का बजट पेश होने वाला है, लेकिन इसके पहले ही महंगाई का झटका लगा है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने LPG गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी कर दी है, जिसके बाद गैस सिलेंडर अब 50 रुपये महंगा हो गया है. ये बढ़ोतरी 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर पर की गई है.
ऐसे रहेंगे कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम
कंपनियों की नई दरों के अनुसार, 1 फरवरी से दिल्ली में 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर 1740.50 रुपये में मिल रहा है. मुंबई में इसकी कीमत बढ़कर 1692 रुपये हो गई है. कोलकाता में अब यह सिलेंडर 1844.50 रुपये में उपलब्ध है, जबकि चेन्नई में उपभोक्ताओं को इसके लिए 1899.50 रुपये चुकाने होंगे.
पेट्रोलियम सेक्टर की सरकारी कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी और अन्य ईंधनों की कीमतों की समीक्षा करती हैं. जनवरी में भी 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे, जबकि पिछले साल नवंबर और दिसंबर में इनमें मामूली कटौती देखने को मिली थी.
एटीएफ की कीमतों में कमी
इसी बीच विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमतों में 1 फरवरी से कमी की गई है. राजधानी दिल्ली में एटीएफ का दाम घटकर 778.85 डॉलर प्रति किलोलीटर हो गया है. रुपये में देखें तो अब 1,000 लीटर एटीएफ के लिए 91,393.39 रुपये चुकाने होंगे. कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी एटीएफ की कीमतों में राहत दी गई है.
घरेलू एलपीजी सिलेंडर के कीमतों में नहीं किया बदलाव
पिछले वर्षों के रुझान पर नजर डालें तो बजट के दिन आमतौर पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडरों के दामों में उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिला है. 2022 में जहां बजट के दिन बड़ी कटौती हुई थी, वहीं 2024 में कॉमर्शियल सिलेंडर उपभोक्ताओं को बढ़ोतरी का सामना करना पड़ा था. इस बार भी बजट से पहले कीमतें बढ़ाकर कारोबारियों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है.









