सावधान! खांसी-बुखार के नाम पर मौत का इंजेक्शन! 9 साल की मासूम की तड़पकर मौत, स्टोर संचालक फरार

मेडिकल स्टोर बना मौत का अड्डा? बिना जांच लगाए इंजेक्शन और कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई दिव्या की सांसें

Gorakhpur। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। हल्की खांसी और बुखार से पीड़ित 9 वर्षीय बच्ची को इलाज के लिए मेडिकल स्टोर ले जाना परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि स्टोर संचालक द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के कुछ ही मिनटों बाद मासूम ने दम तोड़ दिया।

क्या है पूरा मामला?

बांसगांव थाना क्षेत्र के मसुरिया गांव की रहने वाली दिव्या (9 वर्ष) को रविवार को हल्का बुखार और खांसी थी। उसकी मां शशिकला शाम करीब 4 बजे उसे जोहराबाद स्थित एक मेडिकल स्टोर पर ले गईं। परिजनों का आरोप है कि स्टोर संचालक ने बिना किसी जांच-पड़ताल के बच्ची को तुरंत इंजेक्शन लगा दिया।

इंजेक्शन लगते ही दिव्या की हालत अचानक बिगड़ने लगी। वह तड़पकर जमीन पर गिर पड़ी। परिवार उसे कहीं और इलाज के लिए ले जाता, उससे पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं।

मौत के बाद दुकान बंद कर भागा आरोपी

बच्ची की मौत होते ही स्टोर संचालक दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बांसगांव के एसएचओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मां की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

“मेडिकल स्टोर वाले डॉक्टर नहीं होते”

उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. जेपी तिवारी ने इस मामले को गंभीर लापरवाही करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेडिकल स्टोर संचालकों को दवा बेचने की अनुमति होती है, लेकिन वे न तो इंजेक्शन लगा सकते हैं और न ही मरीज का इलाज कर सकते हैं।

डॉ. तिवारी के अनुसार, मामले की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को भेज दी गई है ताकि संबंधित स्टोर का लाइसेंस रद्द कर सख्त कार्रवाई की जा सके।

बड़ा सवाल: आखिर कब रुकेगा ‘झोलाछाप इलाज’?

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है — आखिर कब तक बिना डिग्री और बिना अधिकार वाले लोग इलाज के नाम पर मासूम जिंदगियों से खिलवाड़ करते रहेंगे? स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा महसूस की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close