कोर्ट में जज के सामने आत्महत्या की कोशिश, मचा हड़कंप, आरोपियों की जमानत पर हो रही सुनवाई से थे नाराज

अहमदाबाद। गुजरात हाईकोर्ट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चार शिकायतकर्ताओं ने जज के सामने ही आत्महत्या की कोशिश की। चारों ने फिनाईल पीकर जान देने की कोशिश की। चारों का इलाज अस्पताल में जारी है। दरअसल ये चारों धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका पर चल रही सुनवाई से नाराज थे। चारों का कहना था कि वो कोर्ट में आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार के लिए आये थे, लेकिन यहां आरोपियों की जमानत की सुनवाई हो रही है।

इसी नाराजगी के चलते गुजरात हाईकोर्ट में चार शिकायतकर्ताओं ने फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश की। चारों को अस्पताल ले जाया गया और चारों की हालत स्थिर है।जिन लोगों ने फिनाइल पी है, उनमें शैलेश पांचाल (52), उनकी पत्नी जयश्रीबेन (50), हार्दिक पटेल (24) और मनोज वैष्णव (41) शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक शैलेश पांचाल (52 उनकी पत्नी और अन्य दो ने ऋण सलाहकार चिंतन शाह, महाप्रबंधक किन्नरभाई और प्रबंधक अतुल शाह के खिलाफ थाने में जालसाजी, धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। चारों ने लोन के लिए बैंक से संपर्क किया था, जिसे नियमों के मुताबिक मंजूर किया गया था, लेकिन शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर दस्तावेजों को जाली बनाकर रकम निकाल ली और उनके साथ धोखा किया।

इस मामले में शिकायतकर्ता कोर्ट की कार्रवाई से नाराज चल रहे थे। कोर्ट में जब कलर मर्केंटाइल को-ऑपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक और दो अन्य की अग्रिम जमानत याचिकाओं पर सुनवाई हो रही थी, तभी चारों ने आत्महत्या की कोशिश की। घटना से अदालत कक्ष में खलबली मच गई और न्यायमूर्ति देसाई अदालत से चले गए।

Related Articles

close