दूध की जगह ज़हर तो नहीं पी रहे आप? बॉर्डर पर पकड़ी गई नकली दूध की खौफनाक फैक्ट्री….
स्कूल-आंगनवाड़ी तक पहुंच रहा था केमिकल मिला दूध, 5 आरोपी गिरफ्तार

कोलार।क्या आपके घर आने वाला दूध वाकई शुद्ध है… या फिर धीरे-धीरे सेहत को खोखला करने वाला ज़हर? कर्नाटक के कोलार जिले के बॉर्डर से सामने आई यह खबर हर दूध पीने वाले को डराने के लिए काफी है। KGF एंडरसन पुलिस और फूड सेफ्टी अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए KGF तालुक के बल्लागेरे गांव में चल रही नकली दूध बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
छापेमारी के दौरान एक घर में खुलेआम मिलावटी दूध तैयार किया जा रहा था, जिसे देखकर अधिकारी भी सन्न रह गए। मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से इस खतरनाक रैकेट को चला रहे थे।
कैसे बनता था नकली दूध? सच जानकर कांप उठेंगे आप
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी एक्सपायर हो चुका मिल्क पाउडर, केमिकल मिला पॉम ऑयल और अन्य हानिकारक पदार्थों को मिलाकर दूध तैयार कर रहे थे। यही नहीं, इस ज़हरीले दूध की सप्लाई स्कूलों और आंगनवाड़ियों तक की जा रही थी—जहां मासूम बच्चे और गर्भवती महिलाएं इसे पी रही थीं।
आंध्र प्रदेश के 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस रैकेट का पर्दाफाश करते हुए आंध्र प्रदेश मूल के
वेंकटेशप्पा, बालाजी, दिलीप, बलाराजू और मनोहर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग दूध को गाढ़ा और “असली” दिखाने के लिए केमिकल युक्त पॉम ऑयल का इस्तेमाल कर रहे थे।
SP का सख्त संदेश
इस मामले पर SP शिवांशु ने कहा कि,
“मिलावटी दूध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
हर घर की जरूरत बना ज़हर
दूध भारत की हर रसोई की जरूरत है—चाय से लेकर बच्चों के पोषण तक। बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग अक्सर दूध कच्चे रूप में ही पीते हैं। ऐसे में अगर यह दूध मिलावटी हो, तो तबीयत बिगड़ने से लेकर जान जाने तक का खतरा हो सकता है।
सावधान रहें, सतर्क रहें
अगर आप भी रोज दूध का सेवन करते हैं, तो यह पक्का करें कि दूध विश्वसनीय स्रोत से ही लिया गया हो।
किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या मिलावट की आशंका दिखे तो तुरंत पुलिस या फूड सेफ्टी विभाग को जानकारी दें।









