झारखंड: स्वास्थ्य विभाग में नियुक्तियां हुई शुरू, स्वास्थ्य मंत्री आज बाटेंगे ANM को नियुक्ति पत्र, इरफान बोले, “नियुक्ति मतलब अबुआ सरकार”
Jharkhand: Appointments have started in the health department, the health minister will distribute appointment letters to ANMs today, Irfan said, "Appointment means Abua government"

Jharkhand News : झारखंड सरकार की ओर से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए चल रहे प्रयासों को एक नई गति मिली है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में खाली पदों को भरने की दिशा में पहल करते हुए अब एएनएम पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले में एएनएम अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास को विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने नेतृत्व दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर इस कार्यक्रम की जानकारी दी और लिखा – “#नियुक्ति_मतलब_अबुआ_सरकार।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त और सुलभ बनाने के उद्देश्य से यह नियुक्ति अभियान चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव:
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए थे। इसमें स्वास्थ्य केंद्रों की गुणवत्ता सुधार, संसाधनों की उपलब्धता और मानव संसाधन की कमी को दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की बात कही गई थी।
इसी दिशा में अब नियुक्तियों का कारवां शुरू किया गया है। पूर्वी सिंहभूम जिले में एएनएम की तैनाती से ग्रामीण और शहरी इलाकों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को बल मिलेगा। खासकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण कार्यक्रमों और महिला स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं में सुधार आने की उम्मीद है।
पूर्वी सिंहभूम और कोल्हान क्षेत्र की जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जहां वर्षों से स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के चलते कई बार सेवाएं बाधित रही हैं। अब नई नियुक्तियों से सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा।