….और हेमंत सोरेन ने लगा दी दौड़, चुनावी मंच से उतरते ही मुख्यमंत्री को दौड़ते देख पुलिसकर्मी भी आ गये सकते में…जानिये क्यों
....and Hemant Soren started running, as soon as he got down from the election stage, the policemen were also shocked to see the Chief Minister running... know why

Jharkhand Vidhansabha Election: झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर मैराथन प्रचार चल रहा है। भाजपा हो या झामुमो दोनों पार्टियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इस दौरान नेताओं के अलग-अलग अंदाज देखने को मिल रहे हैं।
हेमंत सोरेन भी ताबड़तोड़ चुनावी सभा ले रहे हैं। इस दौरान वो जहां अपने चुटीले खाटी अंदाज से लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। वहीं जनता से भी दिल खोलकर मिल रहे हैं।
हेमंत सोरेन मंगलवार को मनिका विधानसभा में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान वो अलग ही अंदाज में दिखे। हेमंत मंच से उतरहकर दौड़ते हुए हेलीकाप्टर तक पहुंचे। इस दौरान मौजूद लोग तालियां बजाते रहे। मुख्यमंत्री दौड़ते हुए अभिवादन स्वीकार करते हुए आगे बढ़ गये।
उन्होंने खुद अपनी तस्वीर सोशल मीडिया में डाली है। उन्होने लिखा है कि अपने लोगों से मिल कर मुझे रोज नई ऊर्जा और ताकत मिल रही है। मुझे अपने लोगों से मिलने से रोकने के लिए भाजपा को जितनी साजिशें करनी है, कर ले। संस्थाओं को तो खरीद लोगे, जनसमर्थन कैसे खरीद पाओगे!
इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को सिर्फ जहर उगलना आता है। हमारे वीर पुरुखों ने जब गोरे अंग्रेजों को नहीं बख्शा, तो इन लोकल अंग्रेजों की क्या बिसात है! भाजपा द्वारा दिए गए महंगाई के दंश से पूरा देश परेशान है।
हमने अपने लाखों लोगों का बिजली बकाया बिल माफ कर उन्हें राहत दिया। 200 यूनिट बिजली भी सभी को निःशुल्क मिल रही है। झारखण्ड के लाखों जरूरतमंदों को पेंशन का अधिकार उनकी अबुआ सरकार ने दिया है।
भाजपा को चिढ़ होती है यह देखकर कि कोई आदिवासी और वंचित समाज का व्यक्ति अपना कार्यकाल पूरा कर रहा है। इसलिए इन्होंने समय से पूर्व झारखण्ड में चुनाव करवा दिया।
संवैधानिक संस्थाओं को कठपुतली बनाकर यह लोग, इनके खिलाफ आवाज उठाने वाले को जेल में भी डालने का काम करते हैं। भाजपा के लोग झारखण्ड आकर सिर्फ समाज तोड़ने की बात करते हैं। इन्हें रोटी, बेटी, माटी की कोई फिक्र नहीं है।
अगर रोटी की फिक्र होती तो राज्य में पूर्व की डबल इंजन सरकार में लोग हाथ में राशन कार्ड लेकर भूख से नहीं मरते। पूरे देश में सबसे ज्यादा महिलाओं पर अपराध कहां है? भाजपा शासित राज्यों में है।
मनिका विधानसभा में चिक बड़ाईक और भुईयां जाति की समस्याएं मेरे सामने आयी हैं। इन समस्याओं का समाधान हो जाता लेकिन समय से पहले चुनाव करा कर भाजपा ने मुझे काम नहीं करने दिया। लेकिन चिंता नहीं।
सरकार बनेगी और इन समस्याओं का निश्चित रूप से समाधान होगा। फूट डालो और राज करो, अंग्रेजों की साजिश थी। जिसका जवाब हमारे वीर पुरुखों ने तीर-धनुष से दिया था। भाजपा की समाज तोड़ो, घर-घर तोड़ो की राजनीति का जवाब भी तीर-धनुष से देगी झारखण्ड की जनता।
झारखण्ड की आधी आबादी को सशक्त करने का काम अबुआ सरकार में हुआ है। दिसंबर से 2500 रुपए भी लाखों मंईयां के खाते में जायेगा और अगले पांच साल में हम हर गरीब परिवार को 1-1 लाख रुपए की सहायता देने का काम करेंगे।