दुमका। “2025 आते-आते झामुमो नाम की चीज ही नहीं बचेगी..इतने टुकड़े-टुकड़े में बंट जायेगी ये पार्टी” आचार संहिता के उल्लंघन के केस में हाजिर होने दुमका पहुंचे सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर बड़ा ही तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पार्टी का सिंबल सब भी जब्त हो जायेगा। ये पार्टी इसी दिशा में जा रही है।

निशिकांत दुबे ने कहा कि जैसे झारखंड में एनी होरो, एनोस एक्का की झापा और मुंडा की पार्टी होती थी, उसी तरह से झारखंड मुक्ति मोर्चा टूटकर झारखंड मुक्ति मोर्चा चंपई, झारखंड मुक्ति मोर्चा सोरेन, झारखंड मुक्ति मोर्चा मथुरा, झारखंड मुक्ति मोर्चा लोबिन, 5-6 विभागों में ये पार्टी विभक्त होगी। निशिकांत दुबे ने कहा कि कल्पना सोरेन उपचुनाव के बाद चंपई सोरेन को हटाकर मुख्यमंत्री बनेंगी।

निशिकांत दुबे ने ये भी कह दिया कि हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन, भाभी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री नहीं मानेंगे वे नया झामुमो बनाएँगे। क्योंकि दुर्गा सोरेन जी के बाद जब सीता सोरेन जी नेता नहीं बन पाई तो कल्पना सोरेन जी क्यों?

वहीं ईडी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जेल में बंद पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के करीबी मित्र अभिषेक पिंटू ने भी जो बयान ईडी को दिया है उससे यह साफ हो गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री के कहने पर ही जमीन घोटाला की साजिश हुई है। यह संभव है कि ईडी अभी इस मामले में और तह तक जा सकती है। कहा कि हेमंत सोरेन की एक बेनामी कंपनी अंजया स्टील के खाते में इंलैंड पावर कंपनी से करोड़ों का लेन-देन हजारीबाग के एक झामुमो नेता के खाते से ट्रांजेक्शन की भी भनक है। आने वाले दिनों में यह घोटाला भी उजागर हो सकता है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...