देहरादून के आकाश में दिखा अद्भुत नजारा, सतरंगी घेरे में सूरज.. वायरल हो रही तस्वीरे

देहरादून : रविवार 24 जुलाई को आसमान मे अद्भुत नजारा देखने को मिला। देहरादून के लोगों ने सूरज के चारों ओर इंद्रधनुष घेरे को देखा और इसे अपने कैमरे में कैद सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वैज्ञानिक भाषा में इस घटना को सन हेलो कहा जाता है।
रविवार सुबह 11:00 बजे के करीब आसमान में चमकते सूरज पर जिसकी नजर पड़ी वह देखता ही रह गया। इंद्रधनुषी घेरे में कैद सूरज को देखकर लोग हैरान थे। सोशल मीडिया कुछ लोग इसे अद्भुत खगोलीय घटना बता रहे तो कुछ ईश्वर का आशीर्वाद ।
दरअसल सूर्य के किनारे बनने वाले सतरंगी छल्ले को सन हेलो कहा जाता है, जो कि साधारण और वायुमंडलीय घटना है। जब सूरज धरती से 22 डिग्री के ऐंगल पर होता है तो आसमान में सिरस क्लाउड ( ऐसे बादल जिनकी परत काफी पतली हो) की वजह से यह रिंग बन जाती है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि भारत में भले ही यह घटना दुर्लभ हो लेकिन ठंडे देशों में यह एक सामान्य घटना है ।जब सूरज के आसपास नमी भरे बादल होते हैं, तब यह घटना होती है। इसलिए इस तरह के नजारे एक ही इलाके में दिखाई देते हैं।









