“शिक्षकों की हर समस्याओं का होगा समाधान” विधायक सोमेश सोरेन ने दिया आश्वसन, शिक्षक संघ के वनभोज में शामिल हुए विधायक समीर मोहंती व सोमेश सोरेन, डीईओ ने 10 दिन में मांगों के समाधान का दिया भरोसा

MLA Somesh Soren assured that all teachers' problems will be resolved. MLAs Samir Mohanty and Somesh Soren attended the teachers' union's picnic. The DEO assured that the demands would be resolved within 10 days.

Teacher News : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी की ओर से गालूडीह बराज में जिला स्तरीय वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा अधिकारियों और सैकड़ों शिक्षकों की सहभागिता रही, जहां शिक्षकों की समस्याओं और मांगों पर गंभीर चर्चा हुई।

School Teacher News : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी द्वारा “जिला स्तरीय वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह” का आयोजन 1 फरवरी 2026, रविवार को गालूडीह बराज स्थित स्वर्णरेखा नदी के तट पर किया गया। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से आए शिक्षकों ने सहभागिता कर आपसी सौहार्द और एकता का परिचय दिया।

मुख्य अतिथि के रूप में बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती, विशिष्ट अतिथि के रूप में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तथा सम्मानित अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम आशीष कुमार पांडेय उपस्थित रहे।

इसके अलावा अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश सलाहकार समिति सदस्य एवं वरीय शिक्षक नेता सुनील कुमार भी विशेष रूप से मौजूद थे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर, पौधा और मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया।

स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई और घाटशिला प्रखंड कमेटी के अध्यक्ष रंजित घोष ने दिया। उन्होंने जिले भर से आए शिक्षकों, प्रखंड एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों तथा अतिथियों का स्वागत करते हुए संघ की गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों और सचिवों को मंच पर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात 65 नवनियुक्त सहायक आचार्यों का पुष्प एवं अंग वस्त्र देकर वरीय शिक्षक नेता सुनील कुमार द्वारा अभिनंदन किया गया, जिससे नव नियुक्त शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

अपने संबोधन में सुनील कुमार ने शिक्षकों से जुड़ी प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा। उन्होंने एमएसीपी, प्रोन्नति, नवनियुक्त सहायक आचार्यों को कम ग्रेड पे में नियुक्त किए जाने, पारा शिक्षक के रूप में की गई सेवा अवधि को वर्तमान सरकारी सेवा में जोड़कर लाभ देने, शपथ पत्र के आधार पर वेतन भुगतान, वर्ष 2004 के शिक्षकों को दिसंबर 2003 से वरीयता एवं आर्थिक लाभ देने तथा पूर्व से ग्रेड-4 में कार्यरत शिक्षकों को सुविधाजनक स्थान पर स्थानांतरण एवं सामंजन जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया।

साथ ही उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि विभागीय तनाव के बावजूद वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में कोई कमी न रखें।

जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में जिले से संबंधित समस्याओं का समाधान अगले दस दिनों के भीतर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षकों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और तनावमुक्त होकर कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने शिक्षकों को विभागीय परिवार का अभिन्न सदस्य बताते हुए हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने की बात कही।

मुख्य अतिथि समीर मोहंती ने कहा कि वह शिक्षकों को गुरु मानते हैं और उनकी समस्याओं को लेकर पहले भी विधानसभा में सवाल उठा चुके हैं। आगे भी वे शिक्षकों के हित में लगातार आवाज उठाते रहेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि सोमेश चंद्र सोरेन ने शिक्षकों से अपनी समस्याएं लिखित रूप में देने को कहा और आश्वस्त किया कि वे इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान कराने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर 12 सेवानिवृत्त शिक्षकों को जिला शिक्षा अधीक्षक के करकमलों से सम्मानित किया गया। साथ ही सात नए शिक्षकों ने संघ की सदस्यता ग्रहण की, जिनका माला पहनाकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में जिले के साढ़े चार सौ से अधिक शिक्षकों ने भाग लेकर वनभोज का आनंद लिया। आयोजन को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई, जिला महासचिव सरोज कुमार लेंका, माधिया सोरेन, ओम प्रकाश सिंह, संजय केसरी, अरुण कुमार झा, आशुतोष कुमार, सरोज कुमार, सुनील कुमार वर्मा, भूरका बयार बेसरा, अजम्बर सिंह सरदार, अनिल राय, बूटा अर्चना, सुनीता कक्षप, रंजित घोष, देवराज शीट, गोपीनाथ हांसदा, शिव शंकर चटवाती, रविंद्र नाथ बारिक, कमल गोप, संजय कुमार, अनिल प्रसाद, सनत कुमार भौमिक सहित अन्य पदाधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close