झारखंड: सात फेरों के बाद सात कदम प्रेमी की ओर, दुल्हन ने सबको चौंकाया

पलामू, झारखंड: झारखंड के पलामू जिले के पाटन प्रखंड से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है शादी के महज सात दिन बाद, एक नवविवाहिता बाथरूम जाने का बहाना बनाकर घर से निकल गई और प्रेमी के साथ फरार हो गई। यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है।
कारीहार गांव निवासी रिंकी कुमारी की शादी 5 मई को तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव निवासी मंटू कुमार से धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद 9 मई को वह अपने पति के साथ मायके आई थी और 12 मई को विदाई होनी थी लेकिन उसी सुबह रिंकी बिना किसी को बताए घर से निकल गई और वापस नहीं लौटी।
परिजन दिनभर खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई जानकारी न मिलने पर पिता अंतु राम ने पाटन थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।थाना प्रभारी लालजी की अगुवाई में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लातेहार से रिंकी को उसके प्रेमी अभिमन्यु कुमार के साथ बरामद किया।
अभिमन्यु भी कारीहार गांव का रहने वाला है और फूलचंद राम का पुत्र है।पूछताछ में रिंकी ने पुलिस को बताया कि वह अभिमन्यु से प्रेम करती है और इच्छा से उसी के साथ रहना चाहती है। चूंकि वह बालिग है, इसलिए उसने अपनी मर्जी से निर्णय लिया।इस घटना से दुल्हन के पति मंटू कुमार आहत हो गए और बिना विदाई के अकेले अपने गांव लौट गए।पुलिस ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को छोड़ दिया जाएगा।