इमरान खान के बाद अब एक और नेता फवाद चौधरी की हुई गिरफ्तारी,

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) प्रमुख इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद उनके करीबी पार्टी नेता फवाद चौधरी को इस्लामाबाद में सुप्रीम कोर्ट के बाहर से गिरफ्तार किया गया।
पीटीआई नेताओं और कार्यकर्ताओं पर चल रही कार्रवाई के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए फवाद चौधरी सुबह 11 बजे पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के अंदर मौजूद थे।
बता दें कि फवाद चौधरी जब शीर्ष अदालत परिसर से बाहर निकले तो इस्लामाबाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डिनेंस (MPO) की धारा 3 के तहत हुई है। पीटीआई ने ट्वीट में लिखा, “इस्लामाबाद हाई कोर्ट से 12 मई तक सुरक्षात्मक जमानत मिलने के बावजूद फवाद चौधरी को सुप्रीम कोर्ट के बाहर गिरफ्तार किया गया। पाकिस्तान में जंगल का कानून है।”
गिरफ्तारी से पहले पत्रकारों से बात करते हुए फवाद चौधरी ने कहा कि वकील समाज कमजोर हो गया है, क्योंकि उनके बीच आपसी कलह है। उन्होंने कहा कि पहले कभी भी किसी याचिकाकर्ता को इस तरह से गिरफ्तार नहीं किया गया।









