आदित्य साहू होंगे झारखंड भाजपा के नये अध्यक्ष, कल होगा औपचारिक ऐलान, जानिये कौन हैं आदित्य साहू जो थामेंगे कमान
Aditya Sahu will be the new Jharkhand BJP president; the formal announcement will be made tomorrow. Learn more about Aditya Sahu, who will be taking charge.

रांची। झारखंड भाजपा को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। राज्यसभा सांसद और वर्तमान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन दाखिल किया है, जिससे उनका अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है।
मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में संगठन पर्व के अंतिम चरण के तहत प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक गहमागहमी देखने को मिली।
केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर झारखंड पहुंचे केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल ओराम (उरांव) ने नामांकन प्रक्रिया को संपन्न कराया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रदेश कार्यालय में दिनभर हलचल बनी रही और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर दोपहर 2 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन पत्र प्राप्त हुआ है, जबकि राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के लिए कुल 21 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू द्वारा किया गया, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।
आदित्य साहू के नामांकन पत्र के प्रस्तावकों में पार्टी के दिग्गज नेताओं के नाम शामिल रहे। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रवक्ता रमाकांत महतो और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने प्रस्तावक के रूप में उनके नामांकन का समर्थन किया।
प्रस्तावकों की यह सूची साफ तौर पर आदित्य साहू को संगठन के भीतर मिल रहे व्यापक समर्थन को दर्शाती है।
इसके साथ ही भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए भी 21 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इन नामांकनों में पार्टी के कई वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं के नाम शामिल हैं।
राष्ट्रीय परिषद के लिए जिन प्रमुख नेताओं ने नामांकन किया है, उनमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविन्द्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतूचरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश, अन्नपूर्णा देवी और गीता कोड़ा शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव ने बताया कि 14 जनवरी को दोपहर 2 बजे रांची के हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में नए प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन होने के कारण आदित्य साहू का निर्विरोध चुना जाना तय है।



















