ACCIDENT: शादी से लौट रहे थे… रास्ते में मौत इंतजार कर रही थी…ट्रक ने 4 युवकों को कुचला…चीखों से कांप उठा इलाका…

ACCIDENT: दो बाइकों की टक्कर… और अगले ही पल सड़क पर बिखर गई चार जिंदगियां

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खुशियों से भरी शादी की रात कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। दो बाइकों की मामूली भिड़ंत के बाद पीछे से आए एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर गिरे चार युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप उठी।

मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र स्थित मेवली मोड़ सिधांव के पास का है।

ACCIDENT: एक टक्कर… और फिर मौत का पहिया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों युवक एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में किसी कारण से दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं और सभी युवक सड़क पर गिर पड़े।

लेकिन उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक उन पर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पर बिखरा खून और चारों तरफ चीख-पुकार का मंजर लोगों को सन्न कर गया।

ACCIDENT: अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी सांसें

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। तीसरे युवक ने गाजीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि चौथे युवक की मौत कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई।

चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

 मुख्यमंत्री ने जताया शोक

इस दर्दनाक हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

ACCIDENT: खुशियों की रात बनी जिंदगी की आखिरी रात

जो युवक कुछ घंटे पहले शादी की खुशियों में शामिल थे, उन्हें क्या पता था कि घर लौटते वक्त रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close