CM से पूछताछ करने ED अफसरों की टीम पहुंची रांची…100 से ज्यादा सवालों की लिस्ट है तैयार….उधर ED दफ्तर व बीजेपी कार्यालय में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम

रांची। झारखंड की राजनीति और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोनों के लिहाज से आज का दिन बेहद अहम है। अवैध खनन सहित अन्य मामलो में मनी लांड्रिंग केस आज ED हेमंत सोरेन से पूछताछ करेगी। पिछली बार जब ईडी ने समन किया था तो मुख्यमंत्री नहीं पहुंचे थे, लेकिन दूसरी बार समन जारी होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी के समक्ष पेश होने को तैयार हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे तक ईडी के दफ्तर में पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री से पूछताछ के लिए पटना व दिल्ली स्थित कार्यालय से ईडी के वरिष्ठ अधिकारी रांची पहुंच गए हैं।
इधर, झामुमो कार्यकर्ताओं के उत्पात की आशंका के मद्देनजर रांची में एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय की सुरक्षा कड़ी की गई है। ईडी कार्यालय में सीआरपीएफ, जैप, आइआरबी, एसआइआरबी के जवानों को तैनात किया गया वहीं फायर ब्रिगेड व अश्रु गैस का दस्ता भी तैनात किया जाएगा। मुख्यमंत्री को समन किए जाने के बाद से ही पार्टी के कार्यकर्ताओं में उबाल है। पुलिस मुख्यालय इसका आकलन कर रहा है और सभी संबंधित जिलों को अलर्ट किया है कि कहीं कोई जुलूस, रैली दिखे तो उसपर नजर रखें, उसे हिंसक न होने दें। ईडी की पूछताछ के मद्देनजर भाजपा कार्यालय व राजभवन की भी सुरक्षा बढ़ाई जा रही है।
सूत्र बताते हें कि देर रात तक हेमंत सोरेन से पूछताछ हो सकती है। हेमंत सोरेन की संपत्ति, उनके करीबियों की संपत्ति, मुख्यमंत्री के करीबियों की जानकारी, जेल में बंद आरोपियों के साथ उनके संबंध, मनी लांड्रिंग में उनकी सबंद्धता, खनन लीज सहित कई अन्य सवालों की लिस्ट मुख्यमंत्री के लिए तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछने के लिए ईडी ने अपना होमवर्क भी भरपूर किया है। बताया जा रहा है कि ईडी के पास 200 से अधिक प्रश्न तैयार हैं, जिसे मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। पंकज मिश्रा के यहां से मुख्यमंत्री के चेकबुक व हस्ताक्षरित चेक भी मिले थे। इसी तरह झामुमो से निष्कासित पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल से पूछताछ में मिले तथ्यों का भी ईडी मुख्यमंत्री से सत्यापन कराने का प्रयास करेगा। रवि केजरीवाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का प्रेम प्रकाश व अमित अग्रवाल से संबंध को स्वीकारा था।









