भारत-पाक युद्ध: भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने F-16 और JF-17 फाइटर जेट किए ढेर, 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी सैन्य टकराव के बीच भारतीय सेना ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने पाकिस्तान के दो फाइटर जेट — एफ-16 और जेएफ-17 — को मार गिराया है। सूत्रों के मुताबिक, एफ-16 को पहले मार गिराया गया, जबकि जेएफ-17 को ‘आकाश’ मिसाइल सिस्टम की मदद से ढेर किया गया।

रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह कार्रवाई स्पष्ट रूप से पाकिस्तान की ओर से जवाबी हमले की कोशिश को विफल करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। हाल ही में खबरें आई थीं कि पाकिस्तान ने भारत के संभावित जवाबी हमले को देखते हुए अपने एफ-16 विमानों को सीमा से पीछे हटा लिया था, लेकिन इसके बावजूद दोनों विमान भारतीय वायु रक्षा घेरे में आ गए।

भारत-पाक युद्ध: 9 आतंकी ठिकानों पर भारत की सर्जिकल स्ट्राइक

इससे पहले, भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर सटीक एयरस्ट्राइक की। सेना ने खुद इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इन हमलों में कई आतंकियों के मारे जाने की आशंका है। ऑपरेशन ‘सिंदूर’ नाम से चलाए गए इस सैन्य अभियान के तहत आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए एडवांस्ड तकनीक का इस्तेमाल किया गया।

भारत-पाक युद्ध: एलओसी पर भारी गोलीबारी, संघर्ष विराम का उल्लंघन

हमलों के कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। जम्मू-कश्मीर के भीमबर गली सेक्टर में पाकिस्तान ने तोपों से भारी गोलीबारी की, जिसका भारतीय सेना ने सटीक और संतुलित जवाब दिया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद से भारत ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close