“निशिकांत दुबे जल्द ही कांके में भर्ती होने वाले हैं’ सुबोधकांत सहाय का भाजपा सांसद पर तीखा पलटवार, बोले…
"Nishikant Dubey will soon be admitted to Kanke" Subodhkant Sahay's sharp retort to BJP MP, said...

रांची/देवघर: पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इस मुद्दे पर झारखंड की राजनीति भी गरमायी गयी हुई है। पाकिस्तान को लेकर निशिकांत दुबे के बयान पर कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा था कि 2025 के अंत तक पाकिस्तान का नामोनिशान दुनिया के नक्शे से मिट जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकवादियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेंगे और पाकिस्तान को चार हिस्सों में बांट दिया जाएगा, बलूचिस्तान, पख्तूनिस्तान, पंजाब और पाक अधिकृत कश्मीर।
दुबे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा था, जिसे पाकिस्तान ने धोखे से कब्जाया था, और अब समय आ गया है कि इसे वापस लिया जाए।
इधर, निशिकांत दुबे के बयान पर विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने निशिकांत दुबे पर तंज कसते हुए कहा कि “56 इंच के सीने का दावा करने वाले अब खुद मोतियाबिंद से ग्रस्त हो गए हैं, उन्हें सही दिशा नहीं दिख रही।”
सहाय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “ऐसे अनर्गल बयान देने वालों की जल्द ही मानसिक उपचार केंद्र में भर्ती करानी पड़ेगी, नहीं तो ये खुद अपनी पार्टी को ले डूबेंगे।”सुबोधकांत सहाय ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे भड़काऊ बयानों से देश का ध्यान असली मुद्दों से भटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को आज ठोस नीति और कड़े कदमों की जरूरत है, न कि केवल बयानबाजी की।
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने एक स्वर में इस घटना की निंदा की है, लेकिन साथ ही एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी तेज हो गया है। देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर बहस एक बार फिर गर्म हो गई है, और हर पार्टी अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है।