झारखंड : पलामू पुलिस का बड़ा ऑपरेशन…टीएसपीसी का 1 लाख का इनामी आतंकवादी जीबलाल यादव गिरफ्तार
Jharkhand: Palamu police's big operation...TSPC's 1 lakh bounty terrorist Jibalal Yadav arrested

पलामू पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सक्रिय सदस्य जीबलाल यादव उर्फ रमेश यादव उर्फ सुभाष यादव को गिरफ्तार किया है.
पलामू पुलिस ने बताया कि एसपी को 2 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी कमांडर शशिकांत जी अपने दस्ते के साथ नवाबाजार थानाक्षेत्र अंतर्गत तुरीदाग पहाड़ के आसपास मौजूद है. सूचना के आधार पर एएसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम में नवाबाजार, छतरपुर और नौडिहा बाजार थाना के पुलिस पदाधिकारी और और सिपाहियों को शामिल किया गया.
इस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया जिसने पुष्टि की कि वह टीएसपीसी कमांडर शशिकांत जी के दस्ते का सक्रिय मेंबर है. गौरतलब है कि पलामू पुलिस के हत्थे चढ़े जीबलाल यादव पर बिहार सरकार ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है.
पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ में जुटी है. कई जानकारियां मिलने की उम्मीद है.
बिहार के गया जिले का रहने वाला है जीबलाल
गौरतलब है कि टीएसपीसी उग्रवादी जीबलाल यादव मूलरूप से बिहार के गया जिला अंतर्गत किशुनचक गांव का रहने वाला है.
जीबलाल यादव अतीत में कई गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है.
उसके विरुद्द बिहार और झारखंड के विभिन्न थाने में हत्या, पुलिस पर हमला, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं. जीबलाल यादव की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है.
जीबलाल यादव के पास से पुलिस को क्या मिला!
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने जीबलाल यादव के पास से टीएसपीसी संगठन का लिखित पर्चा, पॉकेट डायरी, सैमसंग का कीपैड मोबाइल फोन और एक स्मार्टफोन जब्त किया है.
पॉकेट डायरी में जीबलाल यादव लेवी का हिसाब किताब रखने के साथ-साथ संगठन की जानकारी रखता था.
जीबलाल यादव के खिलाफ बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना और गया के भदवर थाना में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है. वहीं उसके खिलाफ झारखंड के मनातू थाना में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है.









