होली की तारीख फिक्स! इस दिन मनाएं रंगों का त्योहार…जानें होलिका दहन की तिथि

Holi date is fixed! Celebrate the festival of colours on this day in Bihar... Know the date of Holika Dahan...

पटना : रंगों के पर्व होली को लेकर बिहार में कन्फ्यूजन अब समाप्त हो चुका है। कई जगहों पर 14 मार्च को होली मनाने की बात कही जा रही थी, जबकि कुछ स्थानों पर यह 15 मार्च को मनाने का दावा किया जा रहा था। लेकिन अब बिहार में यह तय हो गया है कि होली 15 मार्च को मनाई जाएगी। हालांकि, होली एक ऐसा त्योहार है जो फागुन महीने से जुड़ा है और कई स्थानों पर यह 2-3 दिन तक मनाया जाता है

मिथिला पंचांग के अनुसार, 15 मार्च को मनाई जाएगी होली

पटना के बोरिंग रोड स्थित पानी टंकी शिव मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक मिश्रा के मुताबिक, आम तौर पर बिहार में किसी भी त्योहार को उदया तिथि के अनुसार मनाया जाता है। इस बार भी होली की तिथि को लेकर वही नियम लागू किया गया है। मिथिला पंचांग के अनुसार, चैत्र प्रतिपदा 14 मार्च को दिन के 12:26 बजे शुरू हो रही है, इसलिए सभी विद्वानों ने 15 मार्च को होली मनाने का निर्णय लिया है।

पंडित अभिषेक मिश्रा ने बताया कि बनारस में होली एक दिन पहले यानी 14 मार्च को मनाई जाती है और बाद में बिहार में यह त्योहार मनाया जाता है। इस बार भी यही परंपरा कायम रहेगी, और 15 मार्च को ही बिहार में होली खेली जाएगी।

कई स्थानों पर होली 2 दिन मनाई जा रही

पटना महावीर मंदिर के ज्योतिषाचार्य आचार्य मुक्ति कुमार झा के अनुसार, फाल्गुन पूर्णिमा को होलिका दहन होता है और चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा के दिन सूर्योदय के समय होली मनाई जाती है। इस वर्ष होलिका दहन 13 मार्च को होगा और 14 मार्च को पूर्णिमा तिथि दिन के 12 बजे के बाद समाप्त हो जाएगी। इस प्रकार, बिहार में होली 15 मार्च को ही मनाई जाएगी।

होली का महत्व

होली का पर्व सिर्फ रंगों और खुशियों का नहीं होता, बल्कि यह पुराने गिले-शिकवे दूर कर नए रिश्तों की शुरुआत करने का पर्व भी है। यह सनातन (हिंदू) धर्म में नए साल के आगमन का प्रतीक भी माना जाता है, और यह प्रेम और सौहार्द बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है। बिहार में भी लोग होली को बड़े धूमधाम से मनाते हैं, और यह त्योहार न सिर्फ घरों में, बल्कि सड़कों पर भी बड़े उत्साह के साथ खेला जाता है।

इस बार, बिहार में 15 मार्च को होली का पर्व मनाए जाने के बाद लोग खुशी और उत्साह के साथ रंगों से खेलेंगे और एक दूसरे के साथ मिलकर इस त्योहार को मनाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close