दर्दनाक : मां ने दो बच्चों संग कर ली आत्महत्या, पति से फोन पर हुई लड़ाई, तो उठाया ये खौफनाक कदम

बांका। एक दर्दनाक घटना में मां ने अपने दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली। महिला ने पहले अपने बेटे और बेटी को जहर खिलाया और फिर खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कल ली। मामला बांका जिला के नवादा का है, जहां पति से फोन पर हुए विवाद के बाद महिला ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया। घटना में महिला और उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बेटी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नवादा पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
घटना गुरुवार दोपहर 1:00 बजे नवादा इलाके की है। नवादा थाना क्षेत्र के कोतवाली निवासी गुरुदेव साह की पत्नी चंपा देवी, 8 साल की बेटी और 7 साल के बेटे सौरभ कुमार के साथ घर में रहती थी। पति कश्मीर में मजदूरी करता है। मिली जानकारी के अनुसार फोन पर पति से विवाद के बाद चंपा देवी ने खुद और अपने बेटी और बेटे के साथ कीटनाशक खा ली।
परिजनों ने जब तीनों को बेसुध देखा तो तत्काल डाक्टर के पास ले गये, जहां मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटी को गंभीर अवस्था में देखते हुए आनन-फानन में इलाज करवाने के लिए भागलपुर भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष दीपक पासवान ने बताया कि घटना के सही कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। मृतका के परिजनों का बयान लेने के बाद कार्रवाई की जाएगी।








