रांची यूनिवर्सिटी का 36वां दीक्षांत समारोह आज : पहली बार होगा लाइव टेलीकास्ट, 2859 स्टूडेंट्स के साथ 81 को मिलेगा गोल्ड मेडल

रांची: रांची यूनिवर्सिटी के 36वें दीक्षांत समारोह का आयोजन आज मंगलवार को मोरहाबादी में किया गया है. पहली बार समारोह का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा. डिग्री या गोल्ड मेडल लेनेवाले विद्यार्थियों के परिवार या अन्य लोग घर बैठे समारोह का सीधा प्रसारण सुबह 10 बजे देख सकेंगे. इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा लिंक जारी किया गया है. 81 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल दिये जायेंगे.
यूनिवर्सिटी के 36वें दीक्षांत समारोह स्थल पर उन्हीं विद्यार्थी को प्रवेश मिलेगा, जो विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड एवं गेट पास लेकर आयेंगे. समारोह में 2859 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी. रांची विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह का लाइव प्रसारण इस लिंक (https://youtube.com/live/JHAgOsPejP0? feature=share) पर देख सकेंगे. लाइव लिंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी दिया गया है. समारोह का सीधा प्रसारण 2 मई की सुबह 10 बजे से आरंभ होगा.
सुरक्षा के लिहाज से समारोह स्थल में किसी को भी चेहरा ढंक कर या काला वस्त्र पहन कर आने पर प्रवेश नहीं करने दिया जायेगा. मोबाइल, बैग और ब्रीफकेस आदि को साथ लाने की मनाही रहेगी. दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे.









