बड़ी खबर : झारखंड के हरा राशन कार्डधारियों को जल्द मिलेगा 6 माह का एकमुश्त चावल, इन 9 जिलों के लोगों को होगा फायदा

गुमला: हरा राशन कार्डधारियों की निराशा जल्द ही दूर होने की संभावना है। उम्मीद है कि छह माह का राशन एक बार में ही मिलेगा. इसके लिए झारखंड सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता मामले के निदेशालय द्वारा राज्य के नौ जिलों के जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) को पत्र जारी किया गया है।
राज्य के गुमला समेत हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा डीएओ को पत्र जारी किया है। जिसमें माह नवंबर 2022 से अप्रैल 2023 तक के लिए झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (जेएसएफएसएस) से आच्छादित सभी परिवारों के बीच चावल वितरण करने संबंधित आदेश है. आदेश के तहत अन्य राशन कार्डधारियों के साथ उपरोक्त जिलों के हरा राशन कार्डधारियों को न केवल गत वर्ष नवंबर एवं दिसंबर माह तथा इस वर्ष जनवरी, फरवरी मार्च और आने वाले माह अप्रैल का चावल एकमुश्त मिलेगा, बल्कि इसके बाद हर माह सुचारू रूप से मिलेगा।









