ग्रीन कार्डधारकों के लिए अच्छी खबर: अब इस माह से मिलेगा राशन की सुविधा, सरकार ने जारी किए निर्देश

धनबाद। ग्रीन कार्डधारकों को अप्रैल माह से राशन मिलेगा। इसकी तैयारी विभाग ने पूरा कर ली है। एक लाख 40 हजार उपभोक्ताओं के बीच राशन का वितरण होगा। ग्राहकों को यह राशन निःशुल्क दिया जाएगा। बता दें कि आवंटन नहीं होने के कारण अगस्त-2022 से ही ग्रीन कार्डधारकों को राशन नहीं मिल रहा था, जिससे खाद्य व आपूर्ति विभाग के प्रति लोगों का आक्रोश बढ़ रहा था।
पांच-पांच किलो का पैकेट बनाया गया: खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने राशन वितरण के लिए टेंडर निकाला था। एसआर राइस मिल कोलकाता की एजेंसी को सप्लाई का काम मिला है। इससे पूर्व, छह माह के लिए टेंडर निकाला गया था। पांच-पांच किलो का पैकेट बनाकर कार्डधारकों के बीच वितरित किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। बीते आठ माह में करीब 10 हजार नए कार्ड बनाए गए हैं। पहली बार उन्हें राशन मिलेगा। एजेंसी की अंजलि जैन ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने वितरण के लिए आवेदन भेजा है, हमलोग उसी हिसाब से राशन का पैकेट भेज रहे हैं। अप्रैल से ग्राहकों के बीच वितरण किया जाएगा।
कार्ड बनने में लगा समय: ग्रीन कार्ड बनाने में भी लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सैकड़ों ग्राहक ऐसे हैं, जिन्हें कार्ड बनाने में आठ माह से अधिक का समय लगा। कार्ड बनने के बाद उन्हें राहत मिली है। इससे पूर्व, लोगों को लगा कि अब कार्ड बन गया है, तो अगले माह से राशन मिलने लगेगा, लेकिन राज्य सरकार ने अगस्त से खाद्य की खरीदारी नहीं की। इस कारण उपभोक्ताओं को राशन मिलना बंद हो गया।









