हैलो ! मैं बिजली इंजीनियर बोल रहा हूं, कल आपका लाइन काट दिया जायेगा….. दारोगा का भाई चलाता था ठगी का गैंग… ऐसे हत्थे चढ़े साइबर ठग

जामताड़ा: कम मेहनत में लाखों कमाने का साइबर ठगों का ऐसा चस्का चढ़ा है कि कई अच्छे परिवार से ताल्लुक रखने वाले लोग भी इस शार्टकट क्राइम में जुड गये हैं। जामताड़ा साइबर थाने की पुलिस ने एक ऐसे ही गैंग का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान एक दारोगा के भाई समेत पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़ा दारोगा का भाई विवेक सिंह इससे पहले भी साइबर अपराध के आरोप में जेल जा चुका है। जामताड़ा साइबर की टीम ने मोबाइल सर्विलांस के आधार पर छापेमारी के दौरान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सीताकाटा गांव से सोनू दास और प्रकाश मंडल को चरघरा से पकड़ा। जबकि, नारायणपुर के डाभाकेंद से सचिन मंडल और अजय मंडल के साथ विवेक सिंह को लटैया गांव से धर दबोचा।
जानकारी के मुताबिक बकाया बिजली बिल भुगतान के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। जबकि, इनमें से कुछ शातिरों ने फेसबुक पर अलग-अलग कंपनियों के नाम से फेसबुक पेज बना रखे थे और इसपर अपना मोबाइल नंबर हेल्प लाइन के तौर पर डालकर लोगों को अपने झांसे में ले उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे। छापेमारी के दौरान दो आरोपी फरार हो गये। आरोपितों के पास से 16 मोबाइल, 27 सिमकार्ड, चार एटएम कार्ड, एक ई श्रम कार्ड और एक बाइक बरामद हुई है।
हाल ही के दिनों बकाया बिजली बिल भुगतान के ही मामलों में टीम ने पिछले 10 महीनों के दौरान 55 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बकाया बिजली बिल भुगतान के नाम पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पिछले दिनों लगातार हुई कार्रवाई के बाद बकाया बिजली बिल के नाम ठगी के मामले सामने नहीं आ रहे थे।









