झारखंड- बड़ा सड़क हादसा : एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, ट्रेलर ने कार को मारी टक्कर, मृतकों में दो बच्चे समेत….
Jharkhand — Major Road Accident: 5 members of the same family killed; trailer collides with car; victims include two children...

झारखंड के हजारीबाग जिले की दनुआ घाटी में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के बाद कार खाई में जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
________________________________________
हजारीबाग। झारखंड में एक भीषण सड़क हादसे की खबर आ रही है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गयी है। घटना हजारीबाग के दनुआ घाटी की है। जहां, एक बार फिर अपनी खतरनाक छवि को साबित कर दिया है। शनिवार की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच चौपारण थाना क्षेत्र के जोडराही पुल के पास एक भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।मृतकों की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी थी, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, धनबाद की ओर जा रही एक सेलेरियो कार (नंबर JH10 CU 3472) दनुआ घाटी में पहुंचते ही हादसे का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिससे कार अनियंत्रित होकर खाई की ओर जा गिरी।बताया जा रहा है कि पहला टक्कर इतना जबरदस्त था कि कार संभल भी नहीं पाई, तभी पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने भी उसे अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार पूरी तरह पिसकर मलबे में तब्दील हो गई।
मौके पर ही पांच लोगों की मौत
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का जरा भी मौका नहीं मिला। घटनास्थल पर ही पांच लोगों की मौत हो गई।इनमें दो पुरुष, एक महिला और दो मासूम बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके थे, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया।
राहत-बचाव कार्य में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फरार ट्रेलर चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
दनुआ घाटी फिर बनी ‘मौत की घाटी’
यह पहली बार नहीं है जब दनुआ घाटी में इस तरह का दर्दनाक हादसा हुआ हो। यहां लगातार हो रहे सड़क हादसे प्रशासन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में तेज रफ्तार, खराब सड़क व्यवस्था और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।









