झारखंड में जल्द शुरू होगा स्वास्थ्य गारंटी कार्ड, राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा मजबूती : मंत्री इरफान अंसारी
Health Guarantee Card to Launch Soon in Jharkhand; State's Health Services to be Strengthened: Minister Irfan Ansari

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कहा कि राज्य में जल्द ही स्वास्थ्य गारंटी कार्ड लागू किया जाएगा। इसका लक्ष्य है कि हर नागरिक तक किफायती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचें।
मंत्री मंगलवार को नामकुम स्थित एनएचएम सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप, नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) रैंकिंग में झारखंड को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
स्वास्थ्य और जीवनशैली पर जोर
डॉ. अंसारी ने लोगों से अपील की कि वे रोज कम से कम 45 मिनट स्वास्थ्य पर ध्यान दें और संतुलित जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने आईपीएच परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
स्वास्थ्य विभाग के बड़े कदम
मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के कई बड़े कदमों की जानकारी दी:
- 1200 स्थायी डॉक्टरों की नियुक्ति शीघ्र होगी।
- 7500 एएनएम और जीएनएम की बहाली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- राज्य को 247 नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी।
- संथाल परगना में नया कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित होगा।
- ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नई नीति पर काम चल रहा है।
डॉ. अंसारी ने झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना डोनर के ब्लड उपलब्ध कराना जमीनी स्तर पर आसान नहीं है। इसलिए विभाग अदालत से इस आदेश में संशोधन की अपील करेगा।
अन्य अधिकारियों की टिप्पणियाँ
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अजय कुमार सिंह ने कहा कि एनक्यूएएस रैंकिंग में तीसरा स्थान मिलना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है और यह केंद्र सरकार की विश्वसनीय मान्यता को दर्शाता है। उन्होंने ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के लिए पर्यावरण और स्वास्थ्य तंत्र का संतुलन जरूरी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और तनावमुक्त जीवन ही अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ आदतें अपनाने की अपील की।









