झारखंड : रामनवमी पर पलामू पुलिस का ‘हाइपर अलर्ट’…3000 से ज्यादा लोग रडार पर, गड़बड़ी की तो सीधे जाएंगे जेल

Jharkhand: Palamu Police on 'Hyper Alert' for Ram Navami... Over 3,000 people on the radar; cause trouble, and you go straight to jail.

पलामू: रामनवमी के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए इस बार पलामू पुलिस रामनवमी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन ने जुलूस और अन्य आयोजनों के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। पलामू कमिश्नरी के तीनों जिलों में कुल 3059 लोगों को नोटिस जारी किया गया है।

ये नोटिस बीएनएसएस की धारा 126 के तहत जारी किए गए हैं, जिन्हें पहले धारा 107 के नाम से जाना जाता था। जिलेवार देखें तो लातेहार में 621, गढ़वा में 968 और पलामू जिले में 1470 लोगों को नोटिस दिया गया। पलामू जिले के भीतर सदर (1059), हुसैनाबाद (249) और छतरपुर (162) अनुमंडलों में कार्रवाई की गई।

सभी स्तरों पर शांति समिति की बैठकें पूरी कर ली गई हैं। लातेहार में 12, पलामू में 25 और गढ़वा में 22 थानों पर बैठकें हुईं। डीआईजी और एसपी स्तर पर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

मुख्यालय से अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं—पलामू में 250, गढ़वा और लातेहार में 200-200। आईआरबी और ईको फोर्स भी तैयार हैं। सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।

तीनों जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, हर दो घंटे में रिपोर्ट ली जाएगी। जुलूस में भड़काऊ या अश्लील गीतों पर पूरी तरह रोक है। फायर ब्रिगेड, एंटी राइट वाहन, रबर बुलेट और टियर गैस उपकरण भी तैयार हैं। अवैध शराब के खिलाफ अभियान में केवल पलामू में ही 6525 किलो महुआ नष्ट और 309 लीटर शराब जब्त की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close