रांची: फ्लैट में गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फटा, भीषण आग से मचा इलाके में हड़कंप, मौके पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम

रांची। राजधानी रांची से एक बड़ी खबर आ रही है। एक सिलेंडर ब्लास्ट की खबर आ रही है, ये घटना राजधानी रांची के पुंदाग ओपी इलाके के सेल सिटी की है। जानकारी के मुताबिक एक फ्लैट में पूजा-पाठ के दौरान ये हादसा हुआ है। इस दौरान सिलेंडर ब्लास्ट की घटना हुई है। धमाका इतना जोरदार था कि पूरी बिल्डिंग हिल गयी। सिलेंडर ब्लास्ट के बाद फ्लैट में भीषण आग लग गयी।
विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के फ्लैट्स की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए। कुछ देर के लिए लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है।मौके पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गयी। पुलिस की टीम मौके पर है, वही फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि फ्लैट का सारा समान जलकर राख हो गयी है।
राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस के मुताबिक ब्लॉक E-1 के एक फ्लैट में रसोई गैस सिलेंडर फटने से तेज धमाका हुआ, जिसकी गूंज पूरी सोसाइटी में सुनाई दी। धमाके के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे। ब्लास्ट के तुरंत बाद फ्लैट से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं और कुछ ही मिनटों में पूरा घर आग की चपेट में आ गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग और धुएं का गुबार काफी भयावह था।जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। धमाके की आवाज सुनते ही सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और निवासी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। कई लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन लपटों की तीव्रता के कारण वे सफल नहीं हो सके।









