Instagram पर अब कोई चैट सच में प्राइवेट नहीं! 8 मई से बदल जाएंगे नियम, आपकी DM तक पहुंच सकती है कंपनी
Meta का बड़ा फैसला—End-to-End Encryption हटेगा, जरूरत पड़ने पर आपकी निजी चैट भी देख सकेगी कंपनी

नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram के करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। Meta ने घोषणा की है कि 8 मई से इंस्टाग्राम के डायरेक्ट मैसेज (DM) में बड़ा बदलाव लागू किया जाएगा। कंपनी के अनुसार अब प्लेटफॉर्म से End-to-End Encryption (E2EE) फीचर हटा दिया जाएगा, जिससे यूजर्स की निजी चैट पहले जैसी पूरी तरह प्राइवेट नहीं रह पाएगी।
कंपनी ने इस फैसले की जानकारी अपने आधिकारिक ब्लॉग पोस्ट के जरिए साझा की है। इस बदलाव के बाद जरूरत पड़ने पर कंपनी चैट्स तक पहुंच बना सकेगी।
पहले की तरह पूरी तरह सुरक्षित नहीं रहेंगी चैट्स
अब तक एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन की वजह से इंस्टाग्राम पर भेजे गए मैसेज केवल भेजने वाले और पाने वाले ही पढ़ सकते थे। यहां तक कि Meta भी इन संदेशों को एक्सेस नहीं कर पाती थी। लेकिन 8 मई से इस फीचर के हटने के बाद परिस्थितियों के अनुसार कंपनी इन चैट्स की जांच कर सकेगी।
दिसंबर 2023 में शुरू हुआ था यह फीचर
इंस्टाग्राम में एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन की सुविधा दिसंबर 2023 में जोड़ी गई थी। यह फीचर पहले से ही WhatsApp में मौजूद था और इसी मॉडल पर इसे Facebook Messenger और इंस्टाग्राम के लिए भी लागू किया गया था, ताकि यूजर्स की निजी बातचीत सुरक्षित रखी जा सके।
पुरानी चैट्स और मीडिया डाउनलोड करने का विकल्प
Meta ने यूजर्स को सलाह दी है कि यदि वे अपनी पुरानी बातचीत, फोटो या वीडियो सुरक्षित रखना चाहते हैं तो उन्हें डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए इंस्टाग्राम ऐप को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करना होगा और दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा।
क्या फेसबुक मैसेंजर में भी होगा ऐसा बदलाव?
इंस्टाग्राम में इस फैसले के बाद कई यूजर्स के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या भविष्य में Facebook Messenger से भी एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन हटाया जाएगा। हालांकि फिलहाल इस संबंध में Meta की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
चाइल्ड सेफ्टी को लेकर उठे थे सवाल
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से कई देशों में एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन को लेकर सवाल उठ रहे थे। खासतौर पर United States और United Kingdom की सरकारी एजेंसियों ने चाइल्ड सेक्सुअल अब्यूज मटेरियल (CSAM) से जुड़े मामलों की पहचान के लिए इस फीचर को हटाने की मांग की थी।
अब आपत्तिजनक चैट्स पर हो सकेगा एक्शन
सोशल मीडिया पर कई बार अनजान लोग बच्चों के साथ इंस्टाग्राम DM के जरिए गलत या आपत्तिजनक बातचीत करते थे। एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन होने की वजह से इन चैट्स तक पहुंचना मुश्किल था। लेकिन अब यह फीचर हटने के बाद यदि ऐसी किसी बातचीत की शिकायत की जाती है, तो Meta उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर सकेगा।









