झारखंड-सिपाही की मौत : होली के पहले दर्दनाक हादसे में कांस्टेबल की मौत, बुलेट हुई दुर्घटनाग्रस्त, मौके पर ही चली गयी जान, विधानसभा में थे पदस्थ

Jharkhand: Constable dies in tragic accident before Holi; Bullet crashes, dies on the spot; was posted in the Assembly

होली से पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे में जवान की मौत हो गयी। जवान का नाम मनोज कुमार पांडेय गई। वे झारखंड विधानसभा में पदस्थ थे और अखंड कीर्तन में शामिल होकर लौट रहे थे। पोखराहा मेडिकल चौक के पास ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। परिवार और पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
________________________________________
Jharkhand Accident News : होली पर्व से ठीक पहले पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सड़क दुर्घटना में जवान मनोज कुमार पांडेय की मौत हो गई। वे सदर प्रखंड के बड़कागांव के निवासी थे। सड़क हादसे की ये घटना पलामू जिले में हुई है। मनोज कुमार पांडेय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में झारखंड विधानसभा में सैप जवान के रूप में पदस्थ थे।

जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार पांडेय अपने गांव में आयोजित होली के अवसर पर अखंड कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे बाइक से डाल्टनगंज (मेदिनीनगर) लौट रहे थे। इसी दौरान पांकी-मेदिनीनगर मार्ग पर पोखराहा मेडिकल चौक के समीप हादसा हो गया। आशंका जताई जा रही है कि हाल ही में बने एक ब्रेकर पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल के साथ सड़क पर गिर पड़े।

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर जब सड़क किनारे गिरे मनोज पांडेय पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी गई। उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

मनोज कुमार पांडेय अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि बीते वर्ष ही उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी की थी। परिवार के लिए यह हादसा असहनीय है। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अस्पताल में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, स्थानीय लोग और शुभचिंतक पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। साथी जवानों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्ति बताया। होली जैसे उल्लास के पर्व से पहले इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।पुलिस प्रशासन ने परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close