झारखंड : सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का दायरा बढ़ा, 11-12वीं छात्राएं भी होंगी शामिल
The scope of Savitribai Phule Kishori Samriddhi Yojana has been expanded, including students of class 11 and 12.

झारखंड सरकार ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का दायरा बढ़ाने का अहम फैसला लिया है। अब राज्य के अनुदानित कॉलेजों, संस्कृत स्कूलों और मदरसों में पढ़ने वाली 11वीं और 12वीं की छात्राएं भी इस योजना का लाभ ले सकेंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग नियमावली में संशोधन कर रहा है, ताकि हजारों नई छात्राओं को आर्थिक सहायता मिल सके।
विभाग ने 19 फरवरी को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय से राज्य सरकार द्वारा प्रबंधित और अनुदानित कॉलेजों में अध्ययनरत किशोरियों की संख्या मांगी है। इस कदम का उद्देश्य सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के दायरे को प्रभावी ढंग से लागू करना है। योजना का मुख्य मकसद बालिकाओं की स्कूल छोड़ने की दर कम करना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब तक 4,25,406 लाभार्थियों को कुल 164.06 करोड़ रुपए का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से किया जा चुका है। चालू वित्तीय वर्ष में पलामू से सबसे अधिक आवेदन मिले हैं, जबकि लोहरदगा में सबसे कम आवेदन प्राप्त हुए हैं।
हालांकि, राजधानी रांची का प्रदर्शन चिंताजनक है। यहां 64,000 छात्राओं को लाभ देने का लक्ष्य था, लेकिन डेटा सत्यापन में सुस्ती के कारण जिला राज्य में 24वें स्थान पर पहुंच गया है। करीब 35,057 छात्राओं का डेटा जिला समाज कल्याण विभाग को नहीं मिल पाया है। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने 205 स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस जारी किया है।
वहीं, खूंटी और लातेहार लक्ष्य प्राप्ति में आगे हैं। फिलहाल रांची में केवल 45.22 प्रतिशत छात्राओं का ही सत्यापन हुआ है। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि प्रक्रिया जल्द पूरी हो, ताकि पात्र छात्राओं के खातों में राशि सीधे भेजी जा सके।









