बड़ी खबर : इजरायल-ईरान जंग की आग भारत तक पहुँची…854 उड़ानों पर संकट…444 फ्लाइट कैंसिल…एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्री फंसे…
854 उड़ानों पर संकट! खाड़ी की ओर जाने वाली फ्लाइट्स पर ‘मिसाइल अलर्ट’… क्या बंद हो जाएगा आसमान?

मध्य पूर्व में भड़की जंग अब सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं रही। ईरान, इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष ने आसमान को भी खतरनाक बना दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि भारतीय विमानन सेक्टर में हड़कंप मच गया है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) के अनुसार, शनिवार (28 फरवरी) को 410 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। वहीं रविवार (1 मार्च) को 444 उड़ानों के रद्द होने की आशंका जताई गई है। यानी सिर्फ दो दिनों में 854 उड़ानें प्रभावित होने की स्थिति बन गई है।
11 देशों के ऊपर उड़ान भरना ‘खतरे से खाली नहीं’
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भारतीय एयरलाइंस के लिए आपातकालीन सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस को फिलहाल 11 देशों के एयरस्पेस से बचने की सलाह दी गई है, जिनमें शामिल हैं —
ईरान, इजरायल, लेबनान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, बहरीन, ओमान, इराक, जॉर्डन, कुवैत और कतर।
DGCA ने साफ चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में क्रूज मिसाइल, बैलिस्टिक मिसाइल और सैन्य विमानों की सक्रियता नागरिक विमानों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
वाराणसी एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी
जंग का असर सीधे तौर पर वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर देखने को मिला। शनिवार को Air India Express की शारजाह जाने वाली दो उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे करीब 330 यात्री प्रभावित हुए।
सुबह 10:30 बजे आईएक्स-185 विमान 158 यात्रियों को लेकर पहुंचा।
यह विमान वापसी में बेंगलुरु भेजा गया।
रात 10:40 बजे शारजाह जाने वाली आईएक्स-186 उड़ान रद्द कर दी गई।
करीब 160 यात्रियों को मोबाइल मैसेज के जरिए निरस्तीकरण की सूचना दी गई, जिससे वे एयरपोर्ट नहीं पहुंचे।
शाम 4:40 बजे शारजाह से आईएक्स-184 विमान 168 यात्रियों को लेकर वाराणसी पहुंचा। लेकिन इसकी वापसी उड़ान आईएक्स-183 को भी रद्द कर दिया गया, जिससे 170 यात्री शारजाह नहीं जा सके। एयरपोर्ट प्रशासन ने खाड़ी देशों में एयरस्पेस बंद होने का हवाला देकर यात्रियों को घर भेज दिया।









